लोकसभा चुनाव लड़ने को तैयार प्रिया दत्त, पहले किया था इंकार  

Priya Dutt is all set to contest in upcoming Lok Sabha election
लोकसभा चुनाव लड़ने को तैयार प्रिया दत्त, पहले किया था इंकार  
लोकसभा चुनाव लड़ने को तैयार प्रिया दत्त, पहले किया था इंकार  

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को पत्र लिख कर लोकसभा चुनाव लड़ने से इंकार करने वाली पूर्व सांसद प्रिया दत्त आखिरकार चुनाव लड़ने को राजी हो गई हैं। शुक्रवार को मुंबई आए राहुल गांधी से उन्होंने मुलाकात की और उनकी रैली में भी हिस्सा लिया। इस बीच कांग्रेस के उत्तर भारतीय चेहरे पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने कहा है कि प्रिया को चुनाव लड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी मुझे उत्तर-पश्चिम मुंबई सीट से उम्मीदवारी देती है तो मैं चुनाव लड़ने के लिए तैयार हूं। प्रिया के इंकार के बाद उत्तर-मध्य मुंबई सीट से बतौर कांग्रेस उम्मीदवार सिंह ही प्रबल दावेदार माने जा रहे थे।  

वर्ष 2005 में अपने पिता सुनील दत्त के निधन के बाद हुए उपचुनाव में बतौर कांग्रेस उम्मीदवार सांसद चुनी गई प्रिया 2009 के लोकसभा चुनाव में दूसरी बार उत्तर-मध्य मुंबई सीट से सांसद चुनी गई थी, लेकिन 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्हें भाजपा की पूनम महाजन के हाथों पराजीत होना पड़ा था। प्रिया ने पिछले दिनों कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को पत्र लिख कर कहा था कि वे पार्टी की गुटबाजी से तंग आकर इस बार चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है।

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के हस्तक्षेप के बाद प्रिया अब चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। इसके पहले लोकसभा उम्मीदवारों के चयन के लिए प्रदेश कांग्रेस की तरफ से उत्तर-मध्य सीट से उम्मीदवारी के लिए प्रिया के अलावा कृपाशंकर सिंह व पूर्व राज्यमंत्री बाबा सिद्दिकी का नाम भेजा गया था।

वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति को देखते हुए सिद्दिकी को टिकट मिलने की उम्मीद कम थी। ऐसे में प्रिया के मैदान से हटने पर कृपाशंकर की दावेदारी मजबूत मानी जा रही थी, लेकिन अब सिंह ने कहा है कि वे उत्तर-मध्य सीट से प्रिया की उम्मीदवारी का स्वागत करते हैं। एक सवाल के जवाब में कृपाशंकर ने कहा कि यदि पार्टी ने उम्मीदवारी दी तो मैं उत्तर-पश्चिम मुंबई सीट से चुनाव लड़ना चाहूंगा। 2014 में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुरुदास कामत उत्तर पश्चिम मुंबई सीट से कांग्रेस उम्मीदवार थे। उनके निधन की वजह से कांग्रेस के लिहाज से यह सीट रिक्त है।

पूर्व सांसद प्रिया दत्त की उत्तर मध्य मुंबई लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा कि इस सीट से चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा स्वयं प्रिया दत्त ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर की है। हम सभी की इच्छा है कि प्रिया दत्त फिर से उत्तर मध्य लोकसभा सीट से चुनाव लड़ें। अब इस बारे में अंतिम निर्णय कांग्रेस अध्यक्ष और प्रिया दत्त को करना है। 
 

Created On :   2 March 2019 12:01 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story