लखनऊ से राहुल-प्रियंका ने भरी हुंकार, कहा - सरकार बनने तक चैन से नहीं बैठेंगे

लखनऊ से राहुल-प्रियंका ने भरी हुंकार, कहा - सरकार बनने तक चैन से नहीं बैठेंगे
हाईलाइट
  • उत्तर प्रदेश की सियासत में प्रियंका गांधी की एंट्री
  • राहुल गांधी
  • ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ लखनऊ में रोड शो शुरू

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। लोकसभा चुनाव से पहले प्रियंका गांधी वाड्रा की सियासी पारी की शुरुआत हो चुकी है। सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने चुनावी रथ पर सवार होकर उत्तर प्रदेश की सड़कों पर रोड शो किया। राहुल-प्रियंका के साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया, आरपीएन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर, जितिन प्रसाद भी मौजूद रहे। लखनऊ हवाई अड्डे से स्थानीय कांग्रेस कार्यलाय की लगभग 12 किलोमीटर की दूरी तय करने में राहुल-प्रियंका को करीब साढे पांच घंटे लग गए। प्रदेश में जोरदार स्वागत के लिये राहुल ने सभी का दिल से धन्यवाद दिया। जहां पूरे रोड शो के दौरान राहुल हाथ में राफेल फाइटर जेट का कटआउट लेकर चलते हुए नजर आए तो वहीं उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला।

राहुल ने कांग्रेसियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश का चौकीदार चोर है। इसे लेकर कार्यालय में जोरदार नारेबाजी की गई। मंच से राहुल ने कहा चौकीदार.. उधर नीचे खड़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक सुर में कहा चोर है...। इस दौरान राहुल ने कहा कि आपने नतीजा देख लिया है कि नरेंद्र मोदी ने पांच साल में क्या किया? उन्होंने कहा कि यहां के युवा कह रहे हैं कि चौकीदार ने एक को भी रोजगार नहीं दिया। मोदी ने कहा था कि हर साल 2 करोड़ लोगों को रोजगार देंगे लेकिन उन्होंने केवल अनिल अंबानी को फायदा पहुंचाया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल ने ये भी कहा कि राज्य में जबतक कांग्रेस की सरकार नहीं बनती है तब तक वह चैन से नहीं बैठेंगे। ‘‘हमारे सामने लोकसभा का चुनाव है, मैंने प्रियंका और ज्योतिरादित्य से कहा है कि इस चुनाव में बेहतर प्रदर्शन होना चाहिये, मगर उत्तर प्रदेश के अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार भी बनानी होगी। ये आप दोनों की जिम्मेदारी है।’’ राहुल ने कहा कि हम अखिलेश और मायावती का सम्मान करते हैं, पर हम अपनी पूरी ताकत से राज्य की स्थिति बदलने का प्रयास करेंगे। 

 

वीडियो में देखें जनसैलाब
 

 

 

04:00 PM: हजरतगंज के लिए रवाना हुआ राहुल-प्रियंका का काफिला
03:50 PM: लालबाग चौक पर प्रियंका, राहुल और सिंधिया ने ली लखनऊ की मशहूर शर्मा चाय की चुस्की
03:45 PM: लालबाग चौक पर पहुंचा राहुल-प्रियंका का काफिला

03:30 PM: रोड के शो के दौरान राहुल-प्रियंका ने बदली तीन गाड़ियां, पहले चुनावी रथ, दूसरी बस, तीसरी कार 

03:11 PM: रथ से उतरकर कार की छत पर बैठे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी
02:30 PM: लखनऊ में प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के रोड शो में भारी संख्या में लोग चल रहे हैं इसी के दौरान एक तस्वीर सामने आई है जिसमें कुछ लोग शरीर पर "चौकीदार चोर" पेंट किए हुए खड़े नजर आ रहे हैं।
02:25 PM: लखनऊ के बर्लिंगटन चौराहे पर प्रियंका और राहुल गांधी के रोड शो की बस बिजली के तारों में फंसी हुई है।
02:20 PM: रॉबर्ट ने प्रियंका गांधी के लिए फेसबुक पोस्ट से शुभकामनाएं दी

02:10 PM: कार्यकर्ताओं ने पोस्टर में प्रियंका गांधी को दिखाया झांसी की रानी लक्ष्मीबाई और दुर्गा
02:00 PM: प्रियंका गांधी के रोड शो में उत्साह में दिखे कांग्रेसी कार्यकर्ता
01:40 PM: राहुल गांधी-प्रियंका ने चुनावी रथ से हवा में लहराया राफेल, लगे चौकीदार चोर है के नारे 
01:30 PM: रोड शो के दौरान लगे चौकीदार चोर है के नारे 
01:25 PM: रोड शो के दौरान प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने अपने हाथों में राफेल विमान का कटआउट भी उठाया। 
01:20 PM: चुनावी रथ पर आरपीएन सिंह, राज बब्बर, जितिन प्रसाद भी सवार हैं। 

01:15 PM: एयरपोर्ट से निकला प्रियंका-राहुल का काफिला
01:10 PM: प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया चुनावी रथ पर हुए सवार 
12:43 PM: राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया लंच के लिए पहुंचे, लंच के बाद शुरू होगा रोड शो
12:42 PM: प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया एयरपोर्ट से रथ की ओर हुए रवाना

12:41 PM: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी लखनऊ एयरपोर्ट पहुंच चुकी हैं।
10: 41 AM: चंद्रबाबू नायडू के धरने पर पहुंचे राहुल ने कहा, पीएम जो वादा करते है वो निभाते नहीं
10:40 AM: राहुल गांधी का काफिला घर से निकला, राहुल गांधी दिल्ली में विशेष राज्य के दर्जे की मांग पर बैठे आंध्र के सीएम चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात पहुंचे हैं।

9:30 AM: लखनऊ पहुंचने से पहले राहुल गांधी के दिल्ली निवास पर पहुंची प्रियंका गांधी 

 

 

8:40 AM: प्रियंका गांधी के रोड शो से पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने किया ट्विट, "लखनऊ आ रहा हूं"
8:30 AM: प्रियंका गांधी के रोड शो से पहले कार्यकर्ताओं ने स्वागत के लिए चौराहों पर लगाए बड़े-बड़े होर्डिंग 
8:25 AM: कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रोड शो से पहले किया ट्विट

 

 

बता दें कि 20 सालों तक पर्दे के पीछे से राजनीति करने वाली 47 साल की प्रियंका गांधी ने 2019 चुनाव से ठीक पहले राजनीति में कदम रखा है। प्रियंका गांधी अभी तक सिर्फ मां और भाई के लिए प्रचार करती रहीं हैं। सक्रिय नेता के तौर पर प्रियंका का गांधी की सोमवार को पहली अग्निपरीक्षा थी। 

कई शहरों से लखनऊ पहुंचे थे कार्यकर्ता
लखनऊ अमौसी एयरपोर्ट से लेकर कांग्रेस कार्यालय तक प्रियंका गांधी के स्वागत में सड़कों को पोस्टरों और बैनरों से पाट दिया गया था।सुबह 11 बजे लखनऊ एयरपोर्ट से शुरू हुआ प्रियंका-राहुल का रोड शो प्रदेश कांग्रेस दफ्तर तक पहुंचा। कानपुर, उन्नाव, सीतापुर, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली, बाराबंकी, फैजाबाद, लखीमपुर, फैजाबाद, जैसे आसपास के जिलों के कार्यकर्ता प्रियंका और राहुल के स्वागत के लिए पहुंचे थे।

प्रियंका की चुनौती 2009 का गणित
प्रियंका गांधी को यूपी की 80 में से 42 सीटों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि सूबे की 38 सीटें ज्योतिरादित्य सिंधिया को दी गई हैं। उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी के लिए सबसे बड़ी चुनौती यहां के संगठन को फिर से खड़ा करने की होगी। अब जबकि लोकसभा चुनाव करीब हैं तो इतने कम समय में संगठन को नए तरीके से खड़ा करना आसान बिल्कुल नजर नहीं आ रहा है। इतना ही नहीं कांग्रेस के पास अपना कोई मजबूत वोट बैंक भी नहीं है। बता दें कि 2009 के लोकसभा चुनाव में इनमें से 18 सीटें कांग्रेस जीतने में सफल रही थी। यही वजह है कि कांग्रेस को प्रियंका से उम्मीदें है।

Created On :   11 Feb 2019 2:44 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story