मॉनसून की बेरुखी से प्रभावित हो सकता है दाल का उत्पादन, नागपुर विभाग में 59 प्रतिशत बुवाई

Production of pulses may be affected by the disturbed monsoon
मॉनसून की बेरुखी से प्रभावित हो सकता है दाल का उत्पादन, नागपुर विभाग में 59 प्रतिशत बुवाई
मॉनसून की बेरुखी से प्रभावित हो सकता है दाल का उत्पादन, नागपुर विभाग में 59 प्रतिशत बुवाई

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश में बारिश के अभाव में लातूर और अमरावती विभाग में तुअर, उड़द और मूंग के फसल क्षेत्र में कमी आने की संभावना है। परिणाम स्वरूप खरीफ फसल सत्र में दाल के उत्पादन पर भी असर पड़ सकता है। राज्य में 1 जून से 19 जुलाई तक 352 मिमी यानि औसत की 74.9 प्रतिशत बारिश हुई है। कृषि विभाग के एक अधिकारी ने ‘दैनिक भास्कर’ से बातचीत में बताया कि प्रदेश में गन्ने की फसल को मिलाकर 71 प्रतिशत बुवाई हुई है। खरीफ फसलों की 100.57 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई हुई है। राज्य भर में खरीफ फसल का क्षेत्र 140.69 लाख हेक्टेयर है। सबसे अधिक 37.29 लाख हेक्टेयर बुवाई कपास की फसल की हुई है। राज्य में कपास फसल का क्षेत्र 41.91 लाख हेक्टेयर है। दालों की फसल के 20.54 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में से 14.49 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न दालों की बुवाई हुई है। राज्य के लातूर विभाग में 68 प्रतिशत फसलों की बुवाई हुई है। जबकि अमरावती विभाग में 81 प्रतिशत बुवाई हुई है। लातूर और अमरावती विभाग में कम बारिश के कारण तुअर, उड़द और मूंग की फसल क्षेत्र में कमी होने की संभावना है। नागपुर विभाग में 59 प्रतिशत बुवाई हुई है। इस विभाग में बारिश की कमी के कारण धान की फसल के रोपाई का काम धीमी गति से चल रहा है। औरंगाबाद विभाग में 81 प्रतिशत फसलों की बुवाई हुई है। यहां पर मक्का और कपास की फसल पर कीटनाशक का प्रभाव नजर आया है। नाशिक विभाग में 73 प्रतिशत बुवाई हुई है। इस विभाग में बारिश नहीं होने का असर बुवाई पर पड़ रहा है। कोंकण विभाग में 44 प्रतिशत बुवाई पूरी हुई है। वहीं पुणे विभाग में 63 प्रतिशत बुवाई हो चुकी है। कोल्हापुर विभाग में 71 प्रतिशत बुवाई हुई है। इस विभाग के सांगली में मक्का की फसल पर कीटनाशक का असर दिख रहा है।

किस जिले में कितनी बारिश 

अकोला, अमरावती, वर्धा और धुलिया इन चार जिले में 25 से 50 प्रतिशत के बीच वर्षा हुई है। जबकि 19 जिले नागपुर, औरंगाबाद, भंडारा, गडचिरोली, गोंदिया, चंद्रपुर, जालना, बीड़, लातूर, उस्मानाबाद, नांदेड, परभणी,  नाशिक, नंदूरबार, जलगांव, सोलापुर में 50 से 75 प्रतिशत बारिश हुई है। छह जिले बुलढाणा, अहमदनगर, कोल्हापुर, रायगड, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग में 75 से 100 प्रतिशत तक बरसात हुई है। प्रदेश के पुणे, पालघर, ठाणे, सातारा और सांगली इन पांच जिलों में 100 प्रतिशत से अधिक बारिश हुई है। 

तहसीलों में बारिश की स्थिति 

प्रदेश के 355 तहसीलों में से 69 तहसीलों में 25 से 50 प्रतिशत तक बारिश हुई है। 146 तहसीलों में 50 से 75 प्रतिशत तक बरसात हुई है। जबकि 69 तहसीलों में 75 से 100 प्रतिशत के बीच वर्षा हुई है। वहीं 71 तहसीलों में 100 प्रतिशत से अधिक बारिश हुई है। 

कहां कितनी हुई बुआई

विभाग               हेक्टेयर क्षेत्र             प्रतिशत 

अमरावती विभाग     26.10 लाख हेक्टेयर        81
नागपुर विभाग        11.22 लाख  हेक्टेयर        59
औरंगाबाद विभाग    16.42 लाख हेक्टेयर        81
लातूर विभाग          18.90  लाख हेक्टेयर       68    
नाशिक विभाग        15.58 लाख हेक्टेयर        73   
कोल्हापुर विभाग     5.82 लाख हेक्टेयर          71 
पुणे विभाग            4.50 लाख हेक्टेयर           63 
कोंकण विभाग       15.58  लाख हेक्टेयर        73 


 

Created On :   22 July 2019 4:07 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story