मुंबई : सपना चौधरी का कायर्क्रम रद्द करने की मांग, लगा अश्लीलता फैलाने का आरोप

Protest against the program of Haryana Dancer Sapna Chaudhary in Mumbai
मुंबई : सपना चौधरी का कायर्क्रम रद्द करने की मांग, लगा अश्लीलता फैलाने का आरोप
मुंबई : सपना चौधरी का कायर्क्रम रद्द करने की मांग, लगा अश्लीलता फैलाने का आरोप

डिजिटल डेस्क, मुंबई। रियलिटी शो बिग बॉस का हिस्सा रह चुकी मशहूर हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के कार्यक्रम का मुंबई में विरोध शुरू हो गया है। अश्लीलता का आरोप लगाते हुए मुंबई के मालाड इलाके में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की इजाजत रद्द करने की मांग की गई है। अश्लीलता के खिलाफ मुहिम चला रहे पूर्वांचल विकास प्रतिष्ठान का दावा है कि सपना के कार्यक्रमों में कामुकता की मॉब हिस्टीरिया खड़ी हो जाती है।

महानगर के मालाड इलाके में स्थित रामलीला ग्राउंड में 8 नवंबर को सपना चौधरी का कार्यक्रम होने वाला है। पूर्वांचल विकास प्रतिष्ठान के सचिव व पत्रकार ओम प्रकाश का दावा है कि सपना के कार्यक्रम ऑर्केस्ट्रा नाच, अश्लीलता, कामुकता और उत्तेजना के पर्याय बन गए हैं। सतना, कानपुर, लखनऊ जैसी कई जगहों पर उनके कार्यक्रमों के चलते कानून व्यवस्था की समस्या खड़ी हो गई। इसीलिए हम चाहते हैं कि मुंबई में कार्यक्रम की इजाजत न दी जाए।

ओमप्रकाश ने अपने साथियों के साथ मामले में मुंबई पुलिस आयुक्त सुबोध जायसवाल से मुलाकात कर कार्यक्रम रद्द करने की मांग की। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उनके पास सिर्फ लाउड स्पीकर की इजाजत देने का अधिकार है। बाकी मंजूरियां मुंबई मनपा और कलेक्टर के अधीन हैं। ओमप्रकाश ने कहा कि हम मनपा प्रशासन और कलेक्टर से भी मुलाकात कर कार्यक्रम रद्द कराने की कोशिश कर रहे हैं।

ओम प्रकाश के मुताबिक वे इससे पहले लखनऊ और जौनपुर में सपना के कार्यक्रम रद्द करा चुके हैं। उनके मुताबिक अश्लील कार्यक्रमों के चलते महिलाओं पर यौन हमलों के मामले बढ़ते हैं। साथ ही अश्लीलता के कारण ही पूर्वांचल की छवि खराब हो गई है। इसीलिए अब बदलाव के लिए उन्होंने जो मुहिम शुरू की है उसमें पूर्वांचल के ज्यादातर प्रतिष्ठित लोगों का साथ मिल रहा है।

Created On :   1 Nov 2018 6:58 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story