स्वच्छता का बोझ जनता की जेब पर, टॉयलेट के लिए देना होगा शुल्क

Public a fee will have to be paid for the toilet
स्वच्छता का बोझ जनता की जेब पर, टॉयलेट के लिए देना होगा शुल्क
स्वच्छता का बोझ जनता की जेब पर, टॉयलेट के लिए देना होगा शुल्क

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मनपा को ओडीएफ प्लस-प्लस का दर्जा मिलने से देश में शहर का नाम ऊंचा हुआ है, लेकिन इस सम्मान ने नागरिकों की जेब पर चोट पहुंचाई है। सुलभ शौचालय में लघुशंका करने के लिए अब 2 रुपए शुल्क लागू किया गया है। स्वच्छ भारत अभियान 2020 अंतर्गत ओडीएफ प्लस-प्लस के परिशिष्ट 1(A)और 1(B) के तहत सुलभ शौचालयों के उचित व्यवस्थापन के दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिसमें शौच के लिए 5 रुपए, स्नान के लिए 10 रुपए, गरम पानी 20 रुपए और लघुशंका करने के लिए 2 रुपए निर्धारित किए गए हैं। परिवार को मासिक पास 150 रुपए में देने का प्रावधान किया गया है। इस नियम को मनपा द्वारा शहर के सुलभ शौचालयों में लागू कर दिया गया है। 

सरकारी खर्च पर प्रचार और सेवा के लिए लोगों से वसूली
सितंबर महीने में कचरा संकलन के लिए प्रति मकान प्रति माह 60 रुपए शुल्क वसूल करने का मनपा को अधिकार देकर सामान्य नागरिकों की जेब का बोझ बढ़ाया गया है। अक्टूबर महीने में लघुशंका करने के लिए 2 रुपए शुल्क लगाकर चोट दी गई है। स्वच्छ भारत मिशन केंद्र सरकार का उपक्रम है। इस उपक्रम के प्रचार, प्रसार पर करोड़ों रुपए फूंके जा रहे हैं। योजना पर अमल के लिए आने वाला खर्च नागरिकों की जेब से वसूल किया जा रहा है। कचरा संकलन पर सेवा शुल्क और लघुशंका पर शुल्क लागू कर दिया गया है।

घर टैक्स में भी स्वच्छता कर
मनपा नागरिकों से घर टैक्स वसूल करती है। इसमें भी स्वच्छता कर वसूल किया जाता है। इस कर का उपयोग शहर में स्वच्छता के लिए करना अपेक्षित है, परंतु मनपा के स्लम विभाग ने 17 अक्टूबर 2019 को एक पत्र जारी कर सुलभ शौचालय की देखभाल करने वाली संस्था को लघुशंका के लिए 2 रुपए शुल्क वसूल करने का अधिकार िदया है। इस पत्र का आधार लेकर नागरिकों से शूल्क वसूल िकया जा रहा है।

सुलभ शौचालयों में लगा फलक
संविधान चौक स्थित सुलभ शौचालय में लघुशंका पर 2 रुपए शुल्क का फलक लगा दिया गया है। इसी के साथ स्लम विभाग द्वारा जारी किया गया पत्र भी दीवार पर चस्पा किया गया है। शुल्क वसूल करने के बाद ही शौचालय में जाने दिया जा रहा है। विरोध करने अंदर जाने से मना किया जा रहा है। इस अजीबोगरीब फरमान से नागरिक हैरत में पड़ गए हैं।  

शुल्क मांगने पर आवाक रह गया
संविधान चौक में मेरा हमेशा आना-जाना रहता है। इससे पहले कई बार चौक के सुलभ शौचालय में लघुशंका करने पर शुल्क नहीं लगता था। आज वहां मौजूद कर्मचारी ने 2 रुपए देने के लिए कहा। यह सुनकर मैं हक्का-बक्का रह गया। शुल्क के बारे में पूछे जाने पर उसने मनपा के स्लग विभाग द्वारा जारी किया गया पत्र दिखाया। इसे देखने पर लघुशंका करने के लिए 2 रुपए चुकाने पड़े। शौचालय के बाहर दीवार पर भी सूचना लगाई गई है। -ज्ञानेश्वर गोखो, सामाजिक कार्यकर्ता

सुविधा के नाम पर लूट
मनपा नागरिकों से विविध टैक्स वसूल करती है। इसमें स्वच्छता कर भी शामिल है। शहर की स्वच्छता, शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराना मनपा की जिम्मेदारी है। लघुशंका पर शुल्क वसूल करना सुविधा के नाम पर नागरिकों की लूट है। -राजेश पौनीकर,  सामाजिक कार्यकर्ता

फाइव स्टार दर्जा प्राप्त करने की कोशिश
मनपा को ओडीएफ प्लस-प्लस का दर्ज मिला है। भविष्य में फाइव स्टार दर्जा प्राप्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसमें शर्तों पर खरा उतरने की दृष्टि से सुलभ शौचालय के दर बढ़ाए गए हैं। पेशाबघर का इस्तेमाल करने के िलए 2 रुपए शुल्क लगाया गया है। इसके बदले में सुलभ शौचालय में सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।          -राजेंद्र रहाटे, कार्यकारी अभियंता, स्लम िवभाग, मनपा

Created On :   16 Nov 2019 8:44 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story