पंजाब : शाहकोट जीत के साथ अमरिंदर को मिला दो तिहाई बहुमत, आप की जमानत जब्त

Punjab : Amarinder gets two-thirds majority in punjab by winning Shahkot seat
पंजाब : शाहकोट जीत के साथ अमरिंदर को मिला दो तिहाई बहुमत, आप की जमानत जब्त
पंजाब : शाहकोट जीत के साथ अमरिंदर को मिला दो तिहाई बहुमत, आप की जमानत जब्त

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। पंजाब की शाहकोट सीट पर हुए उप-चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत हुई है। इस जीत के साथ ही कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने आखिरकार दो तिहाई बहुमत हासिल कर लिया है। कांग्रेस प्रत्याशी हरदेव सिंह लड्डी ने शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के नायब सिंह कोहाड़ को बड़े अंतर से हराते हुए यह सीट अपने नाम कर ली। 

 

 

 नहीं मिला सहानुभूति का लाभ


सीट पर जीत का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी तीसरे नंबर पर आई और अपनी जमानत भी नहीं बचा सकी। यह सीट अकाली दल के विधायक अजित सिंह कोहाड़ के निधन के बाद खाली हुई थी। इस सीट पर शिरोमणि अकाली दल ने कोहाड़ के बेटे नायब सिंह कोहाड़ को उतारा था, लेकिन सहानुभूति कार्ड नहीं चला। कोहाड़ कांग्रेस प्रत्याशी हरदेव सिंह लड्डी से 38,802 वोटों से हार गए। हार के बाद कोहाड़ ने ईवीएम में खराबी को दोष दिया। यह सीट कोहाड़ की परंपरागत सीट मानी जाती है। अजित सिंह कोहाड़ यहां से पांच बार निर्वाचित हुए हैं। वह अकाली सरकार में मंत्री भी रहे थे। 



 

 

आप प्रत्याशी को मिले 2 हजार वोट 


हालांकि, चुनाव में सबसे बड़ा झटका आम आदमी पार्टी को लगा। पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी डॉ. अमरजीत सिंह को 41,010 वोट मिले थे। इस साल मैदान में उतारे गए रतन सिंह 2000 वोट भी नहीं पा सके। केवल 1900 वोट हासिल करने वाले रतन सिंह की जमानत तक जब्त हो गई। 



आप की कोशिशों पर फिरा पानी 


उप-चुनाव का नतीजा आप के लिए विशेष रूप से निराशाजनक रहा है। आप पंजाब में नए सिरे से अपनी पैठ बनाने की कोशिश कर रही है। पिछले साल विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद अब सीट पर पराजित होने से उसका मनोबल निश्चित ही प्रभावित होगा। आप संगठन ने कहा कि किसी एक सीट के नकारात्मक नतीजों का यह अर्थ नहीं है कि राज्य में हमारा जनाधार सिमट गया है। एक वरिष्ठ आप नेता ने दावा किया कि हम अगले चुनाव में  वापसी करते हुए सरकार बनाने के दावा पेश करेंगे। 



कपिल मिश्रा ने कसा तंज 


पूर्व आप नेता कपिल मिश्रा ने भी पार्टी की हार पर तंज कसते हुए कहा कि अब आप के पास केवल विलाप करने का ही विकल्प ही बचा है। हालांकि, मिश्रा ने आप को मिले वोटों की संख्या में गड़बड़ी कर दी। उन्होंने ट्वीट किया कि पिछली बार भाजपा को 40 हजार वोट मिले थे। यह आंकड़ा सही नहीं है। पिछली बार भाजपा को 41010 वोट मिले थे। इसी तरह वर्तमान आप प्रत्याशी को मिले मत भी उन्होंने गलत बताए। इस बार के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रतन सिंह को 2 हजार मत मिले हैं, जबकि कपिल मिश्रा ने लिखा कि उन्हें 920 वोट मिले हैं। 

 

Created On :   1 Jun 2018 6:55 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story