राहुल गांधी की फोटो से छेड़छाड़, मध्य प्रदेश में मचा बवाल

Rahul Gandhi files nomination with a Mughal emperors photo ?
राहुल गांधी की फोटो से छेड़छाड़, मध्य प्रदेश में मचा बवाल
राहुल गांधी की फोटो से छेड़छाड़, मध्य प्रदेश में मचा बवाल

डिजिटल डेस्क,भोपाल। जैसे-जैसे राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने का वक्त करीब आता जा रहा है, वैसे-वैसे हर दिन एक नया विवाद भी सामने आता जा रहा है। इस बार विवाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए राहुल गांधी के पीछे मुगल बादशाह के चित्र पर हो रहा है। इस वायरल फोटो के जरिए राहुल गांधी की छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने इसकी शिकायत सायबर सेल से की है।

 


दरअसल सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हुई। फोटो में राहुल गांधी के नामांकन करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस फोटो में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी शामिल थे। इसके अतिरिक्त पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, सुशील कुमार शिंदे एवं ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिखाई दे रहे हैं। कांग्रेस ने इस फोटो में राहुल गांधी के पीछे महात्मा गांधी की फोटो हटाकर मुगल बादशाह की फोटो लगाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने इसे किसी का षड़यंत्र बताते हुए सायबर सेल से शिकायत की है। 

 


कांग्रेस प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी का कहना है कि इस फोटो के साथ छेड़छाड़ की गई है। उनका कहना है कि मूल तस्वीर में पीछे रखा चित्र महात्मा गांधी का है। इस बात की पुष्टि के लिए कांग्रेस की ओर से मूल तस्वीर भी जारी की गई है, जिसमें राहुल गांधी के नामांकन भरते समय पीछे रखी तस्वीर में महात्मा गांधी का चित्र स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। जबकि किसी ने फोटोशॉप के जरिए महात्मा गांधी की फोटो हटाकर मुगल बादशाह की फोटो लगा दी है। 

चतुर्वेदी ने कहा कि यह अत्यंत ही आपत्तिजनक है जो कि राष्ट्रपिता गांधी, कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की छवि को धूमिल करने का कुत्सित प्रयास है। मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता के नाते मैं खुद भी इससे व्यथित और प्रभावित हूं। यह विषय स्पष्ट तौर पर साइबर अपराध के अंतर्गत आता है। पार्टी ने इस मामले के आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

 

Created On :   6 Dec 2017 1:21 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story