राहुल गांधी की ताजपोशी तय, 11 दिसंबर को होगा ऐलान

Rahul gandhi will become congress president
राहुल गांधी की ताजपोशी तय, 11 दिसंबर को होगा ऐलान
राहुल गांधी की ताजपोशी तय, 11 दिसंबर को होगा ऐलान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के पुत्र और पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी की ताजपोशी होना लगभग निश्चित हो गया है। नामांकन भरने के बाद अब राहुल गांधी का निर्विरोध रूप से कांग्रेस पार्टी का अगला अध्यक्ष बनना तय है। राहुल ने 4 दिसंबर को पार्टी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र भरा था। राहुल के अलावा किसी और ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल नहीं किया है।

कांग्रेस पार्टी एक परिवार की संपत्ति

राहुल अपनी मां सोनिया गांधी की जगह पार्टी के अध्यक्ष बनेंगे। सोनिया 19 साल से कांग्रेस अध्यक्ष पद पर हैं। सोनिया गांधी से पहले राजीव गांधी, इंदिरा गांधी, जवारलाल नेहरू और मोतीलाल नेहरू भी कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके हैं। यही कारण है कि विपक्षी दल इस पार्टी को एक ही परिवार की संपत्ति तक कहने से नहीं चूकते हैं। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ है। राहुल गांधी के खिलाफ किसी ने भी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन नहीं किया है।

11 दिसंबर को होगा औपचारिक ऐलान

रिटर्निंग ऑफिसर एम रामचंद्रन ने आज बताया कि राहुल के अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित 89 नामांकन पत्र मिले। सभी की जांच की गई और वे सभी सही पाए गए। कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में अब केवल राहुल का ही नाम है। 11 दिसंबर को नाम वापसी का अंतिम दिन है। उसी दिन राहुल के अध्यक्ष बनने का औपचारिक ऐलान किया जा सकता है। बता दें कि 4 दिसंबर को नामांकन पत्र दाखिल करने दौरान पार्टी के सभी दिग्गज राहुल के साथ मौजूद थे। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, गुलाम नबी आजाद, एके एंटनी, अहमद पटेल उनके प्रस्तावकों में शामिल थे।

वरिष्ठ नेताओं ने राहुल को दी शुभकामनाएं

नामांकन के बाद वरिष्ठ नेताओं ने राहुल गांधी को शुभकामनाएं दी थी। इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह ने कहा था कि उन्होंने राहुल गांधी के समर्थन में नामांकन दाखिल किया है। सोनिया गांधी ने पार्टी अध्यक्ष की भूमिका शानदार तरीके से निभाई। अब राहुल उसे आगे बढ़ाएंगे। डॉ सिंह ने उम्मीद जताई कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस आगे बढ़ेगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने कहा कि सर्वसम्मति से राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने के प्रस्ताव पारित हुए हैं।

Created On :   5 Dec 2017 1:07 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story