13 अक्टूबर को मुंबई में सभा से राहुल महाराष्ट्र में फूंकेंगे चुनावी बिगुल

Rahuls meeting in Mumbai on October 13! Will campaign in Maharashtra- Haryana elections
13 अक्टूबर को मुंबई में सभा से राहुल महाराष्ट्र में फूंकेंगे चुनावी बिगुल
13 अक्टूबर को मुंबई में सभा से राहुल महाराष्ट्र में फूंकेंगे चुनावी बिगुल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी 13 अक्टूबर को मुंबई में चुनावी रैली कर सकते हैं। हालांकि पार्टी ने अब तक इसकी औपचारिक घोषणा नहीं की है, परंतु सूत्र बताते हैं कि राहुल की सभा की तैयारी करने के लिए महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस को कहा जा चुका है। सोनिया गांधी 14 व 15 अक्टूबर को महाराष्ट्र के चुनावी दौरे पर जा सकती हैं। इन दो दिनों में सोनिया गांधी चार से पांच चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगी। पार्टी के सूत्र बताते हैं कि अब तक उत्तरप्रदेश में चुनाव प्रचार करती रहीं प्रियंका गांधी के 16 अक्टूबर को महाराष्ट्र पहुंचने की संभावना है। प्रियंका मराठवाड़ा के नांदेड़ सहित कुछ अन्य जगहों पर चुनावी सभा करेंगी। 

विदेश दौरे पर गए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी महाराष्ट्र और हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रचार करेंगे। माना जा रहा है कि राहुल महाराष्ट्र में दो दिन और हरियाणा में एक दिन चुनाव प्रचार करेंगे। राहुल के प्रचार कार्य में हिस्सा लेने की जानकारी यहां पार्टी के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने की। हालांकि खेड़ा ने यह नहीं बताया कि राहुल किस दिन कहां प्रचार के लिए जाएंगे। ऐसे में जब दोनों ही राज्यों में कांग्रेस की स्थिति दयनीय दिख रही है, तब पार्टी के दिग्गज नेताओं का प्रचार से अब तक दूर रहना पार्टी उम्मीदवारों को बेचैन कर रहा है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी भी महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार करेंगे। जानकारी के मुताबिक सोनिया, राहुल और प्रियंका की महाराष्ट्र में एक दर्जन से ज्यादा चुनावी सभाएं होंगी। पार्टी की ओर से जल्द ही इन तीनों वरिष्ठ नेताओं के चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा की जाएगी।

राशिद अल्वी ने सलमान खुर्शीद पर कसा था तंज

आपको बता दें, पूर्व केन्द्रीय मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष पद छोड़ने को पार्टी की सबसे बड़ी समस्या बताया है तो वहीं पार्टी के एक दूसरे नेता राशिद अल्वी ने खुर्शीद पर पलवार करते हुए कहा है कि घर के लोग ही घर में आग लगा रहे हैं। कांग्रेस में जारी बवाल तब सामने आया जब सलमान खुर्शीद ने पार्टी की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में हार के बाद राहुल गांधी के इस्तीफे से पार्टी का संकट बढ़ गया है। 

Created On :   9 Oct 2019 2:22 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story