#MeToo में फंसे डायरेक्टर राजकुमार हिरानी, महिला ने लगाया छह महीने तक यौन शोषण का आरोप

#MeToo में फंसे डायरेक्टर राजकुमार हिरानी, महिला ने लगाया छह महीने तक यौन शोषण का आरोप
हाईलाइट
  • MeToo कैंपेन के घेरे में बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर राजकुमार हिरानी आ गए हैं।
  • पीड़िता का कहना है कि हिरानी ने छह महीने तक उनके साथ यौन शोषण किया।
  • हिरानी पर 'संजू' में उनकी असिस्टेंट रही एक महिला ने सेक्सुअल हरासमेंट का आरोप लगाया है।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। #MeToo कैंपेन थमता हुआ नहीं दिख रहा है। कुछ महीनों तक इसकी हवा शांत रहने के बाद, यह एकबार फिर सुर्खियों में आ गया है। इसबार इस कैंपेन के घेरे में बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर राजकुमार हिरानी आ गए हैं। हिरानी पर "संजू" में उनकी असिस्टेंट रही एक महिला ने सेक्सुअल हरासमेंट का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि हिरानी ने संजू फिल्म के पोस्ट-प्रोडक्शन के दौरान छह महीने तक उनके साथ यौन शोषण किया। हालांकि हिरानी ने इस आरोप को बेबुनियाद बताया है। 

आरोप लगाने वाली असिस्टेंट डायरेक्टर का कहना है, "हिरानी ने कुछ महीनों तक मुझ पर भद्दी टिप्पणी की। इसके बाद वह मेरे साथ ऑफिस में जोर-जबरदस्ती करने लगे। यह घटना 9 अप्रैल की है। उसके बाद छह महीने तक वह लगातार मेरे शरीर, मेरे दिमाग और मेरे दिल का शोषण करते रहे। उस वक्त संजू मूवी प्रोसेस में थी। इसलिए मेरे पास चुप रहने के सिवा कोई विकल्प नहीं था। मैंने विरोध किया, तो मुझे फिल्म से निकाले जाने की धमकी दे डाली। मुझे डर था कि मैं बेरोजगार हो जाऊंगी। मैं अगर बीच में फिल्म छोड़ देती, तो हिरानी मुझे बदनाम कर देते। जब तक मुझसे चुप रहा गया मैं रही, अब मुझसे नहीं रहा गया।"

वहीं हिरानी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह हर तरह की जांच के लिए तैयार हैं। हिरानी के वकील आनंद देसाई ने कहा ने कहा कि "हमारे क्लाइंट पर लगे सभी आरोप झूठे हैं। महिला उनसे बदला लेने के लिए कोई साजिश रच रही है। इन आरोपों से हिरानी की छवि खराब होगी।"

एक रिपोर्ट के मुताबिक पीड़ित महिला ने संजू के प्रोड्यूसर विधु विनोद चोपड़ा, उनकी पत्नी अनुपमा चोपड़ा, स्क्रिप्ट राइटर अभिजीत जोशी को मेल लिखकर यह जानकारी दी है। अनुपमा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि वह पीड़िता से दो बार मिल चुकी हैं। उन्हें सभी प्रकार की मदद दी जाएगी। वहीं अभिजीत जोशी ने कहा कि वह उस महिला का जरूर सपोर्ट करेंगे। उन्होंने कहा कि वह वो सब करने को तैयार हैं, जो कानूनी तौर पर सही होगा। हिरानी संजू के अलावा 3 ईडियट्स, मुन्ना भाई और पीके जैसी सुपरहिट फिल्में बना चुके हैं।

बता दें कि MeToo कैंपेन के सहारे महिलाएं निडर होकर अपने साथ हुए अत्याचारों को दुनिया के सामने रख रही हैं। हाल ही में भारत में फिर इस कैंपेन को हवा मिली थी। पिछले कुछ दिनो में कुछ ऐसे राज खुलकर सामने आए हैं, जिसने फिल्म इंडस्ट्री से लेकर आम जिंदगी तक सबको हिला कर रख दिया है। बॉलीवुड अभिनेत्री तनुश्री दत्ता से लेकर "तितली" गाने वाली सिंगर चिन्मयी श्रीपदा ने अपने साथ हुई छेड़छाड़ को लोगों के सामने रखा है। वहीं मोदी सरकार में मंत्री रहे एमजे अकबर और अभिनेता आलोकनाथ पर भी कई आरोप लग चुके हैं।

Created On :   13 Jan 2019 12:21 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story