पांच राज्यों में फैली हिंसा, 30 की मौत, सैकड़ों वाहन खाक

Ram Rahim case updates : supporters goes violent in Punjab, Hariyana
पांच राज्यों में फैली हिंसा, 30 की मौत, सैकड़ों वाहन खाक
पांच राज्यों में फैली हिंसा, 30 की मौत, सैकड़ों वाहन खाक

 डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। बाबा गुरमीत राम रहीम को बलात्कार का दोषी करार देने के बाद उनके समर्थक हिंसक हो गए हैं। हिंसक प्रदर्शनों की यह आग पंजाब-हरियाणा से निकलकर दिल्ली, यूपी और राजस्थान में पहुंच गई है। इन पांच राज्यों में आगजनी और तोड़फोड़ की कईं घटनाएं दर्ज हुई हैं। हरियाणा के पंचकूला में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। यहां डेरा समर्थकों के हिंसक प्रदर्शन के चलते 30 लोगों की मौत हो गई है। मरने वाले प्रदर्शनकारी हैं या आम लोग, इसकी पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है। यहां समर्थकों ने टीवी चैनलों की ओबी वैन समेत सैकड़ों वाहनों को आग के हवाले कर दिया है। पूरे पंजाब और हरियाणा में डेरा समर्थक गुंडागर्दी और हिंसा पर उतर आए हैं। बड़ी संख्या में बाबा गुरमीत के समर्थक पुलिस पर पथराव कर रहे हैं। पंचकूला में पुलिस ने उपद्रवियों को काबू में करने के लिए हवा में फायरिंग भी की है। हिंसक प्रदर्शन को देखते हुए सेना की 6 टुकड़ियां तैनात कर दी गई हैं। 

लेटेस्ट अपडेट :

  • हिंसा में 30 लोगों की मौत हो गई है, 250 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को सेक्टर-6 स्थित अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
  • डेरा मुख्यालय के बाहर सेना तैनात कर दी गई है।
  • पीएम मोदी ने शांति की अपील की है। उन्होंने ट्वीट किया- कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मैंने NSA गृह सचिव से इसका रिव्यू मांगा है।
  • पीएम मोदी ने लिखा- अधिकारियों से स्थिति को काबू में करने और सभी जरूरी सहायता मुहैया करवाने का निर्देश दिया गया है।
  • हिंसक प्रदर्शनों को देखते हुए राम रहीम को अंबाला नहीं ले गए, रोहतक के सुनारिया जेल ले गए : हरियाणा पुलिस
  • रोहतक जिला प्रशासन को अलर्ट किया गया है, पहचान छिपाकर घुस सकते हैं राम रहीम के समर्थक
  • फरीदाबाद, गुड़गांव, बहादुरगढ़ और गाजियाबाद के लिए डीटीसी ने अपनी सर्विस फिलहाल रोक दी है।
  • डेरा सच्चा सौदा समर्थकों के प्रदर्शन को देखते हुए उत्तराखंड में पुलिस को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
  • मेरठ, हापुड़, बागपत में CBSE स्कूल शनिवार को बंद रहेंगे।
  • हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने पंचकूला के सिविल हॉस्पिटल का दौरा किया।
  • दिल्ली-एनसीआर में 11 जगहों पर हिंसा की वारदात, धारा 144 लागू
  • कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने की हिंसा की निंदा। लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
  • साक्षी महाराज ने पूरे घटनाक्रम को भारतीय संस्कृति के खिलाफ साजिश करार दिया है।
  • राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने की शांति बनाए रखने की अपील।
  • सिरसा में दो प्रदर्शनकारियों की मौत।
  • 1000 डेरा समर्थकों को हिरासत में लिया गया।
  • राम रहीम मुद्दे पर हाईकोर्ट की फुल बेंच की सुनवाई शनिवार को।
  • पंचकूला में सेना की 6 टुकड़ियां तैनात की गई।
  • दिल्ली के मेट्रो स्टेशन पर अलर्ट जारी
  • दिल्ली से रोहतक की सभी ट्रेनें रद्द
  • पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने बाबा की संपत्ति जब्त करने के आदेश दिए।
  • सीएम खट्टर बोले- अफवाहों पर ध्यान न दें, हिंसक लोगों से दूर रहें।
  • पंचकूला में 1000 से ज्यादा डेरा समर्थक गिरफ्तार।
  • सिरसा में सेना का फ्लैग मार्च।
  • दिल्ली से सटे गाजियाबाद में भी हिंसा, बस को फूंका
  • पंजाब, हरियाणा से आने-जाने वाली कईं ट्रेनें रद्द
  • दिल्ली के आनंद विहार में भी डेरा समर्थकों ने बस को फूंका।
  • सीएम मनोहर लाल खट्टर मंत्रिमंडल की इमरजेंसी बैठक कर रहे हैं।
  • पंजाब के गिदरबाहा रेलवे स्टेशन पर तोड़फोड़।
  • यूपी के कई शहरों में अलर्ट जारी।
  • राजनाथ सिंह ने मनोहर लाल खट्टर और अमरिंदर सिंह से फोन पर बातचीत की।
  • डेरा समर्थकों ने हवा में फायरिंग की, कई दुकानों में तोड़फोड़ हो रही है।
  • पंचकूला में हुई हिंसा का सबसे बुरा असर आम लोगों पर देखने को मिला। दुकानों और गाड़ियों को आग के हवाले किया गया।
  • पंचकूला में बाबा राम रहीम के भक्तों ने कई गाड़ियों में आग लगा दी है।
  • पंचकूला में जीवन बीमा निगम के दफ्तर को भीड़ ने आग के हवाले कर दिया है।
  • पुलिस और मीडियाकर्मी पर जमकर पथराव हो रहा है। लगातार आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं। लेकिन उससे भीड़ को खास फर्क नहीं पड़ रहा।
  • शिमला हाईवे पर गाड़ियों को तोड़ा जा रहा है।
  • उपद्रवियों ने पंजाब में दो रेलवे स्टेशनों पर आग लगाई।
  • पंचकूला में सभी टीवी चैनलों की ओबी वैन को गिरा दिया गया है।
  • दिल्ली की सीमा पर भी अलर्ट जारी किया गया।
  • राम रहीम को जेल ले जाने के लिए रास्ता खाली कराने को समर्थक हटाए जा रहे हैं।
  • पंजाब के मानसा में डेरा समर्थक महिलाएं घरों पर हमला कर रहीं हैं। यहां बिजली घर और इमकम टैक्स दफ्तर में आग लगा दी गई है।
  • मुक्तसर में पेट्रोल पंप में आग लगाई। रामामंडी में टेलीफोन एक्सचेंज आग के हवाले कर दिया गया है।

Created On :   25 Aug 2017 11:27 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story