अच्छी खबर : श्रीरामराजा सरकार की नगरी में आए रिकार्ड विदेशी पर्यटक

Record Foreign Tourists came to city of shriram raja sarakar
अच्छी खबर : श्रीरामराजा सरकार की नगरी में आए रिकार्ड विदेशी पर्यटक
अच्छी खबर : श्रीरामराजा सरकार की नगरी में आए रिकार्ड विदेशी पर्यटक

डिजिटल डेस्क ओरछा। श्रीरामराजा सरकार के दर्शन, प्राचीन मंदिर, ऐतिहासिक महल, कल-कल ध्वनि के साथ बहती बेतवा नदी और प्राकृतिक सौंदर्य देश ही विदेशी पर्यटकों को ओरछा की ओर खींच रहा है। सैलानियों की संख्या ने पिछले कई सालों के रिकार्ड तोड़कर विश्व पटल पर बढ़ रही ओरछा की ख्याति को साबित किया है। वर्ष 2017-18 में देश के कोने-कोने से 2 लाख 47 हजार 463 देशी पर्यटक पहुंचे हैं, वहीं विदेशी सैलानियों की संख्या 41 हजार 903 दर्ज की गई है। 

श्रीरामराजा सरकार के विराजमान होने से ओरछा का अपना ही विशेष धार्मिक महत्व है। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में शुमार नगरी की भी खास पहचान है। अच्छी खबर यह है कि देश के साथ ही विदेशों में पर्यटन नगरी ओरछा की ख्याति साल दर साल बढ़ती जा रही है। खजुराहो सहित देश के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की संख्या कम होती जा रही है। इसके विपरीत ओरछा में पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा दर्ज किया जा रहा है। पर्यटन नगरी ओरछा में बढ़ती सैलानियों की संख्या नैसर्गिक सौंदर्य के प्रति बढ़ते आकर्षण को बयां कर रही है। 

स्मार्ट हो रही पर्यटन नगरी 
पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए ओरछा स्मार्टसिटी बनाने पर भी प्रशासन तेज गति से काम कर रहा है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत आई राशि से ओरछा में नदी के पास बेतवेश्वर मंदिर घाट पर सौंन्दर्यीकरण किया जा रहा है। पार्किंग व्यवस्थित करने के लिए प्रत्येक मंदिर- महल तक पहुंचने के लिए साइन बोर्ड लगाने प्लान तैयार किया गया है। ओरछा के धार्मिक महत्व को देखते हुए धर्म सभा, प्रवचन, रामलीला, रासलीला के लिए पर्यटन धर्मशाला के पास मेला ग्राउंड में शैड लगाया जा रहा है। जिसमें 10 से 15 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। जिसको लेकर ओरछा तहसीलदार देवेंद्र चौधरी, आर्किटेक्ट नचिकेता ताम्बूले, पुरातत्व अधिकारी जीपी सिंह चौहान, सीएमओ दिनेश तिवारी, आरआई रामराज गुप्ता की निगरानी में विकास कार्यों को मूर्तरूप दिया जा रहा है। 

तीन साल में ओरछा पहुंचे पर्यटकों का विवरण 
वित्तीय वर्ष    देशी    विदेशी
2015-16    188341    34912
2016-17    168027    36176
2017-18    247463    41903 

इनका कहना है 
सोलहवीं शताब्दी से बने मंदिर और महल देशी और विदेशी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। 2015 से लगातार बढ़ रही सैलानियों की संख्या से इसका पता चलता है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से होने वाले विकास कार्य ओरछा की सुंदरता में चार चांद लगाएंगे। जिससे पर्यटकों नैसर्गिक, प्राकृतिक और ऐतिहासिक धरोहर का दीदार और अधिक रमणीय लगेगा।   
जीपी सिंह चौहान, पुरातत्व अधिकारी जहांगीर महल ओरछा 

ओरछा में न केवल पुरातात्विक व प्राकृतिक सौंदर्य प्रेमी आते हैं, बल्कि एडवेंचर से जुड़े सैलानियों की भी बड़ी संख्या में आवक होती है। इन सबके बीच मप्र टूरिज्म द्वारा चलाई जा रही राफ्टिंग, नदी के घाटों का सौंदर्यीकरण पर्यटकों की आवक को दोगुना करेगा। 
संजय मल्होत्रा, प्रबंधक बेतवा रिट्रीट मप्र टूरिज्म

 

Created On :   26 April 2018 12:15 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story