रिलायंस बनी 100 अरब डॉलर की कंपनी, दूसरी बार हासिल किया ये मुकाम

Reliance industries crosses 100 billion dollar in market cap
रिलायंस बनी 100 अरब डॉलर की कंपनी, दूसरी बार हासिल किया ये मुकाम
रिलायंस बनी 100 अरब डॉलर की कंपनी, दूसरी बार हासिल किया ये मुकाम
हाईलाइट
  • 11 साल बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड एक बार फिर 100 अरब डॉलर की कंपनी बनी।
  • रिलायंस का मार्केट कैपिटलाइजेशन 6.90 लाख करोड़ के पार पहुंच गया।
  • शेयर बाजार बंद होने पर ये 99.9 अरब डॉलर यानी 6.85 लाख करोड़ रुपए रहा।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। 11 साल बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड एक बार फिर 100 अरब डॉलर की कंपनी बन गई। कंपनी के शेयर में गुरुवार को आए 5% के उछाल के बाद रिलायंस का मार्केट कैपिटलाइजेशन 6.90 लाख करोड़ के पार पहुंच गया। हालांकि बाजार बंद होने पर ये 99.9 अरब डॉलर यानी 6.85 लाख करोड़ रुपए रहा। अभी सबसे ज्यादा मार्केट कैपिटल वाली भारतीय कंपनी टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) है। टीसीएस का मार्केट कैपिटलाइजेशन 111 बिलियन डॉलर है। रिलायंस से इसकी तुलना की जाए तो ये उससे 10 अरब डॉलर ज्यादा है।

रिलायंस के शेयर ने सेंसेक्स को आउटपरफॉर्म किया
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) का शेयर गुरुवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर 1,098 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर 1,099 रुपए तक चढ़ा। हालांकि BSE पर ये 4.42% उछाल के साथ 1082.20 पर और NSE पर 4.05% ऊपर 1,080.90 पर बंद हुआ। पिछले पांच साल में रिलायंस के शेयर ने सेंसेक्स को आउटपरफॉर्म किया है। जहां सेंसेक्स में 87% की बढ़ोतरी हुई है तो वहीं रिलायंस के शेयर में 138% की बढ़ोतरी देखी गई है। इस साल की बात करें तो यह 20% का रिटर्न दे चुका है। एक जनवरी को शेयर का भाव 911 रुपए था। रिलायंस का वैल्यूएशन 41 साल में करीब 69,000 गुना बढ़ा है। 1977 में जब इसका आईपीओ आया, तब मार्केट कैप 10 करोड़ रुपए था। अब यह 6.90 लाख करोड़ रुपए है।

2007 में भी 100 डॉलर हुआ था मार्केट कैप
गौरतलब है कि 18 अक्टूबर 2007 को भी रिलायंस का  मार्केट कैपिटलाइजेशन 100 अरब डॉलर के पार पहुंचा था। उस समय एक डॉलर की कीमत करीब 40 रुपए थी। इस लिहाज से कंपनी का मार्केट कैप 100 अरब डॉलर यानी 4.11 लाख करोड़ रुपए हो गया था। बता दें कि किसी भी कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन कंपनी की ओर से जारी शेयर को उसके शेयर प्राइज से मल्टिप्लाई करने पर निकाला जाता है।

क्या होता है मार्केट कैप?
कंपनी के मार्केट कैपिटलाइज़ेशन का मतलब है शेयर बाजार द्वारा निर्धारित उस कंपनी का मूल्य। हर कंपनी शेयर ज़ारी करती है, और जारी किए गए शेयरों की कुल संख्या कंपनी में 100% ओनरशिप को प्रदर्शित करती है। इस प्रकार, यदि हमें किसी कंपनी के द्वारा जारी किए गए कुल शेयरों की संख्या और प्रत्येक शेयर की कीमत पता हो तो हम उस कंपनी का मार्केट कैप जान सकते हैं।

कंपनी का मार्केट कैपिटलाइज़ेशन = कंपनी के शेयरों का बाजार मूल्य X जारी किये गए शेयरों की संख्या

Created On :   12 July 2018 2:46 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story