ठंड से मिली राहत, पारा अभी भी सामान्य के नीचे

Relief from the cold but temperature is still below from normal
ठंड से मिली राहत, पारा अभी भी सामान्य के नीचे
ठंड से मिली राहत, पारा अभी भी सामान्य के नीचे

डिजिटल डेस्क, नागपुर। फिलहाल ठंड से राहत मिली है। विदर्भ में शीतलहर शांत हुआ है, लेकिन उपराजधानी का पारा अभी भी सामान्य से नीचे बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते हवा की दिशा उत्तरीय से दक्षिणी हुई है। इससे उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं का प्रवेश रुका है। इसके प्रभाव से रात का तापमान ऊपर की ओर चढ़ना शुरू हुआ है। अनुमान है कि शुक्रवार को इसमें गुरुवार की अपेक्षा 1 डिग्री तक की बढ़त दर्ज हो सकती है। 

फिर घेर सकती हैं सर्द हवाएं
गुरुवार को सुबह से हवा शांत बनी हुई थी। दोपहर धूप की चुभन से शहरवासी परेशान नजर आए। शाम कुछ देर के लिए हवा की दिशा बदली और ठंड की अनुभूति होने लगी। शाम ढलते ढलते एक बार फिर हवा की गति शांत हुई। इससे ठंडक भरी चुभन से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल मौसम शुष्क बने रहने के आसार हैं। न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़त की उम्मीद है, लेकिन यह राहत लंबी खिंचती नजर नहीं आ रही है। हिमालय की वादियों में एक और पश्चिमी विक्षोभ सिर उठा रहा है। इसके 6 जनवरी तक प्रभावी होने के आसार हैं। साथ ही हवा की दिशा में फिर परिवर्तन हो सकता है। यदि ऐसा हुआ, तो विदर्भ फिर एक बार सर्द हवाओं के आगोश में जा सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री नीचे 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री ऊपर 29.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता अधिकतम 79 तथा न्यूनतम 53 प्रतिशत रही। 

बेंगलुरु का विमान रद्द, अन्य लेट
बेंगलुरु से आने वाला विमान गुरुवार को रद्द कर दिया गया, जबकि विभिन्न शहरों से उड़ान भरकर नागपुर पहुंचने वाले कुछ विमान कोहरे के कारण  विमानतल पर देरी से पहुंचे। जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक-135 अपने तय समय दोपहर 12.10 बजे से करीब 2 घंटे देरी से, पुणे से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक-134 अपने तय समय दोपहर 12.30 बजे से करीब 2 घंटे देरी से, मुंबई से आने वाला जेट एयरवेज का विमान क्रमांक-879 अपने तय समय शाम 5.20 बजे से 1.15 घंटे देरी से, मुंबई से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक-403 अपने तय समय शाम 5.30 बजे से 2.30 घंटे देरी से, कोलकाता से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक-404 अपने तय समय रात 8 बजे से 2 घंटे देरी से और दिल्ली से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक-221 अपने तय समय रात 9.40 से 1.15 घंटे देरी से संतरानगरी के डॉ.बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर पहुंचा।

Created On :   4 Jan 2019 5:32 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story