पिछले क्रिकेट वर्ल्ड कप के पुलिस सुरक्षा का शुल्क वसूल नही कर पाई मुंबई पुलिस, 21 करोड़ 34 लाख बकाया

RTI disclosure : Mumbai police payment due on Mumbai cricket association
पिछले क्रिकेट वर्ल्ड कप के पुलिस सुरक्षा का शुल्क वसूल नही कर पाई मुंबई पुलिस, 21 करोड़ 34 लाख बकाया
पिछले क्रिकेट वर्ल्ड कप के पुलिस सुरक्षा का शुल्क वसूल नही कर पाई मुंबई पुलिस, 21 करोड़ 34 लाख बकाया

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पिछले क्रिकेट विश्वकप के पुलिस सुरक्षा का भुगतान सात साल बाद भी नहीं हो सका है। मुंबई पुलिस मुंबई क्रिकेट एसोशिएसन से अपना बकाया भुगतान 21 करोड़ 34 लाख रुपये नहीं वसूल पा रही है। सूचना अधिकार कानून (आरटीआई) के जरिये यह जानकारी सामने आई है। दरअसल, आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने इस संबंध में आरटीआई के तहत जानकारी मांगी थी। मुंबई पुलिस ने गत 7 वर्षों में विभिन्न प्रकार के क्रिकेट मैच के लिए उपलब्ध कराई गई पुलिस सुरक्षा शुल्क के 21.34 करोड़ आज तक अदा न किये जाने की जानकारी मिली है। 

आरटीआई कार्यकर्ता गलगली ने मुंबई पुलिस से 1 जनवरी 2011 से अब तक महानगर में संपन्न हुए क्रिकेट प्रतियोगिताओ के लिए उपलब्ध कराई गई पुलिस सुरक्षा और उसके शुल्क की जानकारी मांगी थी। जन सूचना अधिकारी और सहायक पुलिस आयुक्त (समन्वय) दिलीप थोरात ने यह जानकारी उपलब्ध कराते हुए बताया कि 2013 में हुए महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के मैच 26 जनवरी 2013 से 18 फरवरी 2013 के दौरान हुए थे। उसका सुरक्षा बंदोबस्त शुल्क रु 6,66,22,088 था जो ब्याज सहित अब रु 10, 55,32,197 हो चुका है।

इस रकम का भुगतान अब तक नहीं हो सका है। इसी तरह 25, 30 और 31 अक्टूबर 2015 को हुए एक दिवसीय क्रिकेट मैच का बंदोबस्त शुल्क 83,52,089 रुपये हुआ था। ब्याज सहित यह बकाया राशि अब 1,12,26,164 रुपये है। 8 दिसंबर 2016 से लेकर 12 दिसंबर 2016 के बीच हुए टेस्ट मैच का 50 लाख का शुल्क अब व्याज सहित रु 55,18,344 रुपये हो चुका है। 22 अक्टूबर 2017 के वन डे मैच का 66 लाख का शुल्क व्याज जोड़ने के बाद  73,98,641 रुपये है, वहीं 24 दिसंबर 2017 का टी-20 मैच का शुल्क 66 लाख रुपये बकाया है।

आईपीएल का भी बकाया

जिस आईपीएल के लिए खिलाड़ियों की करोड़ों रूपये की बोली लगती है, उस आईपीएल मैच के सुरक्षा बंदोबस्त शुल्क का भी पूरा भुगतान नहीं हो सका है। वर्ष 2017 में 9, 12, 16, 22 और 24 अप्रैल और 11 और 16 मई  को हुए मैच के सुरक्षा बंदोबस्त शुल्क के 4,62,00,000 रुपयों में से  66,00,000 रुपये बकाया है। यह रकम अब ब्याज सहित 76,84,710 रुपये हो चुकी है। 2016 में हुए वर्ल्ड टी-20 2016 के मैच 10, 12, 16, 18, 20 और 31 मार्च को खेले गए थे । इसका भी सुरक्षा बंदोबस्त शुक्ल 4,62,40,399 बाकी है। आईपीएल 2018 में का सुरक्षा बंदोबस्त शुल्क 4,90,00,000 में से 1,40,00,000 रुपये का भुगतान होना बाकी है। 

शुल्क को लेकर गृह विभाग है मौन!

इस साल हुए आईपीएल मैच के सुरक्षा बंदोबस्त शुल्क को लेकर मुंबई पुलिस फिलहाल असमंजस की स्थिती में हैं। मुंबई पुलिस ने अजीबोगरीब दावा किया हैं कि गृह विभाग का आदेश 31 मार्च 2019 तक मान्य होने से नया आदेश प्राप्त न होने के कारण 31 मार्च के बाद हुए क्रिकेट मैच का शुल्क नहीं लिया गया हैं। सरकारी निर्णय आते ही संबंधितों को शुल्क की जानकारी दी जाएगी।  गलगली के अनुसार भारी मुनाफा कमाने वाले मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को सुरक्षा बंदोबस्त शुल्क तुरंत अदा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शुल्क वसूली न होने के लिए मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी जिम्मेदार हैं।

Created On :   18 May 2019 12:37 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story