अमेरिका कर रहा है ISIS की मदद: रूस

russia claims us is helping isis using video games as evidence
अमेरिका कर रहा है ISIS की मदद: रूस
अमेरिका कर रहा है ISIS की मदद: रूस

डिजिटल डेस्क, मास्को. रूस ने अमेरिका पर एक सनसनीखेज आरोप लगाया है। रूस का कहना है कि अमेरिका ISIS की मदद कर रहा है. मंगलवार को रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूस समर्थित सेनाओं के खिलाफ अमेरिकी सुरक्षा बल दुनिया के खूंखार आतंकी संगठन ISIS की मदद कर रहे हैं। इसके लिए मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट शेयर किए। जिसमें कथित 9 नवंबर को ली गई तस्वीर पोस्ट करते हुए कहा गया कि सीरिया के अबू कमाल इलाके से ISIS के आतंकी उस दिशा में जा रहे हैं, जो क्षेत्र अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज के नियंत्रण में है।

हालांकि कुछ देर बाद तस्वीरों की प्रमाणिकता पर सवाल उठने शुरू हो गए. कुछ ब्लॉगर्स ने कहा कि ये तस्वीरें देखी हुई लग रही हैं। इनमें से एक तस्वीर स्मार्टफोन वीडियो गेम AC-130 Gunship Simulator: Special Ops Squadron का स्क्रीनशॉट लग रहा था। ऐसा लग रहा था जैसे, इसे 25 मार्च को यूट्यूब पर डाले गए वीडियो से लिया गया है।

जबकि कुछ तस्वीरों के बारे में बताया गया कि ये इराक के रक्षा मंत्रालय द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो से ली गई हैं। जून 2016 की इस तस्वीर में फलूजा के पास ISIS के ठिकानों पर इराकी हवाई हमला होता दिखता है। जब दावा झूठा साबित हुआ तो एक घंटे में ही रूस के रक्षा मंत्रालय ने विवादित तस्वीरों को अपने सोशल मीडिया पेज से हटा लिया।

रूसी रक्षा मंत्रालय का आरोप है कि वास्तव में अमेरिका ISIS को फिर से मजबूत करने के अवसर दे रहा है, जिससे आतंकी संगठन हथियारों के साथ फिर से खड़ा हो सके। 

रूस ने इससे पहले भी अमेरिकी फोर्सेज पर आतंकियों की मदद करने का आरोप लगाया है। सितंबर में रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा था कि अमेरिकी बेस के काफी नजदीक सैन्य कार्रवाई नहीं होने से संदेह पैदा होता है। उल्लेखनीय है कि मॉस्को लगातार दावा करता रहता है कि ISIS के आतंकी अमेरिका के नियंत्रण वाले इलाके से हमलों को अंजाम दे रहे हैं।
 

Created On :   14 Nov 2017 6:05 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story