मॉस्को से उड़ान भरते ही क्रैश हुआ रशियन विमान, 71 लोगों की मौत

मॉस्को से उड़ान भरते ही क्रैश हुआ रशियन विमान, 71 लोगों की मौत

डिजिटल डेस्क, मॉस्को। रशिया में रविवार को एक बड़ी विमान दुर्घटना हुई। यहां सरोतोव एयरलाइंस का AN-148 विमान क्रैश राजधानी से कुछ ही दूर क्रैश हो गया। मॉस्को के दूसरे सबसे बड़े एयरपोर्ट डोमोडिडेवो एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही 80 किलोमीटर दूर यह प्लेन क्रैश हो गया। इस घटना में विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई। विमान में कुल 71 लोग सवार थे। इसमें 65 यात्री और 6 क्रु मेम्बर थे।

विमान दुर्घटना दक्षिण-पूर्वी मॉस्को के आरगुनोवो गांव के नजदीक हुई। यह गांव रामेंस्की जिले में है। आरगुनोवो गांव के लोगों ने बताया कि उन्होंने जलते विमान को आसमान से गिरते देखा। बता दें कि विमान मॉस्को से कजाकिस्तान बॉर्डर के नजदीक ऊरल्स क्षेत्र के रशियन शहर ओर्स्क जा रहा था। मॉस्को के डोमोडीडोवो एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया है कि एयरपोर्ट से उड़ान भरने के 2 मिनट बाद ही प्लेन राडार से गायब हो गया था।

रशियन स्टेट टेलिविजन चैनल ने क्रैश साइट के वीडियो दिखाए हैं, जिसमें प्लेन के पार्ट्स बर्फ से ढके इलाके पर फैले पड़े हैं। रशियन मीडिया के अनुसार, भारी बर्फबारी के चलते इमरजेंसी सर्विस को क्रैश साइट तक पहुंचने में बड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बर्फ से रोड ब्लॉक होने के कारण रेस्क्यू टीम को पैदल क्रैश साइट तक पहुंचना पड़ा। इमरजेंसी सेवा ने बताया कि 150 लोगों की रेस्क्यू टीम फिलहाल क्रैश साइट पर अपना अभियान चला रही है।

अधिकारियों ने बताया है कि विमान के मलबे के साथ ही यात्रियों के बॉडी पार्ट्स भी बर्फ से ढ़के बड़े से क्षेत्र में बिखरे पड़े हुए पाए गए हैं। एक फ्लाइट रिकॉर्डर भी क्रैश साइट से बरामद हुआ है। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना के असल कारण क्या है। फिलहाल प्लेन क्रैश के कई कारणों का अंदाजा लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि खराब मौसम या पायलट की किसी चूक के चलते यह दुर्घटना हुई है।

रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने इस दुर्घटना पर शोक जाहिर किया है। उन्होंने इस क्रैश के कारणों का पता लगाने के लिए जांच का ऐलान किया है।

Created On :   11 Feb 2018 1:00 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story