दो दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे पुतिन, पीएम मोदी ने गले मिलकर किया स्वागत

दो दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे पुतिन, पीएम मोदी ने गले मिलकर किया स्वागत
हाईलाइट
  • S-400 मिसाइल डील समेत कई मुद्दों पर होगी चर्चा
  • आज से दो दिवसीय भारत यात्रा पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन
  • राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और पीएम मोदी के साथ कई कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज दो दिन के आधिकारिक दौरे पर भारत पहुंच गए हैं। पुतिन शाम 6 बजकर 40 मिनट पर नई दिल्ली पहुंचे। यहां विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने उनकी अगवानी की। इसके बाद शाम 7 बजकर 40 मिनट पर पुतिन ने पीएम आवास पर नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। पीएम मोदी ने अपने आवास पर गले लगाकर पुतिन का स्वागत किया। दोनों राष्ट्र प्रमुखों के बीच यहां द्विपक्षीय बैठक भी हुई। बता दें कि पुतिन अपने दौरे के पहले दिन 19वें भारत-रूस वार्षिक द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन’ में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वे भारत-रूस बिजनेस फोरम में शामिल होंगे। इस दौरान भारत और रूस के कुछ छात्र भी मौजूद होंगे। इस दौरान पुतिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आधिकारिक वार्ता करेंगे और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी मुलाकात करेंगे। भारत उन देशों में शामिल है जिनके साथ भारत की सालाना द्विपक्षीय वार्ता होती है। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद यह पुतिन का तीसरा भारत दौरा है, जो हर लिहाज से अहम माना जा रहा है।

 

 

S-400 मिसाइल डील हो सकती है फाइनल
पुतिन और पीएम मोदी के बीच होने वाली मुलाकात को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि भारत और रूस के बीच 40 हजार करोड़ की एस-400 मिसाइल डील पर चर्चा हो सकती है। बता दें कि अमेरिका भारत और रूस के बीच होने वाली इस डील के खिलाफ है। हाल ही में अमेरिका ने चीन पर प्रतिबंध भी लगा दिए। अमेरिका ने यह भी कहा कि भारत अगर रूस के साथ एस-400 मिसाइल डील करता है तो उस पर भी कड़े प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। शुक्रवार सुबह राष्ट्रपति पुतिन और पीएम मोदी के बीच औपचारिक बातचीत होगी। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा को देखते हुए रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण आज रात अपने कजाखस्तान के दौरे से वापस लौट रही हैं।

कई मुद्दों पर होगी बातचीत
दोनों देश के बीच बातचीत का प्रमुख एजेंडा व्यापार साझेदारी में विशेषाधिकार के अहम पहलुओं पर चर्चा है। इसके अलावा दोनों देशों के बीच क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान प्रदान होगा। दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को और बढ़ावा देना और ईरान से कच्चे तेल के आयात पर लगे अमेरिकी प्रतिबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर चर्चा पुतिन की यात्रा के केंद्र में होगी। सूत्रों ने कहा कि मोदी और पुतिन ईरान से कच्चे तेल के आयात पर लगे अमेरिकी प्रतिबंधों के असर को लेकर भी चर्चा करेंगे। इसके अलावा दोनों नेताओं के रूसी रक्षा कंपनियों पर लगे अमेरिकी प्रतिबंधों को देखते हुए द्विपक्षीय रक्षा सहयोग का जायजा लेने की संभावना है। 

कई कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा 
पुतिन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी मिलेंगे और उनके साथ ही कई दूसरे आधिकारिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। मोदी और पुतिन व्यापार, निवेश, संपर्क, ऊर्जा, अंतरिक्ष एवं पर्यटन सहित कई क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग गहराने के तरीके तलाशेंगे।

 

 

Created On :   4 Oct 2018 1:43 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story