एंबी वैली की नीलामी के नोटिस जारी, 37392 करोड़ है बेस प्राइज

SC issues notice to Amby Valley auction
एंबी वैली की नीलामी के नोटिस जारी, 37392 करोड़ है बेस प्राइज
एंबी वैली की नीलामी के नोटिस जारी, 37392 करोड़ है बेस प्राइज

डिजिटल डेस्क,मुंबई। अपने निवेशकों का पैसा न लौटाने के मामलें में सुब्रत राय सहारा की परेशानियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कभी आलीशान जीवन शैली का प्रतीक रही लोनावला स्थित सहारा की एंबी वैली नीलामी की कगार पर पहुंच गई है। कुछ दिनों पहले दिए गए सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मद्देनजर, बांबे हाईकोर्ट के आधिकारिक लिक्विडेटर ने पुणे जिले के लोनावला इलाके में स्थित सहारा समूह की एंबी वैली की नीलामी के लिए अखबार में सार्वजनिक नोटिस जारी किया है। नोटिस में आफिशियल लिक्विडेटर ने एंबी वैली की कीमत 37 हजार 392 करोड रुपए तय की है। 

नोटिस में आफिसियल लिक्विडेटर विनोद शर्मा ने कहा है कि नीलामी में बोली लगाने के इच्छुक लोग, एंबी वैली की तय कीमत की 15% राशि और जरुरी दस्तावेज के साथ आवेदन कर सकते है। नोटिस के मुताबिक एंबी वैली की बिक्री दो चरणों में की जाएगी। इसलिए बिक्री की प्रक्रिया दो दिन तक चलेगी। पहाड़ की वादियों में बनी एंबी वैली 6 हजार 761 एकड़ जमीन में फैली हुई है। नीलामी का काम एमएसटीसी लिमिटेड नामक कंपनी के द्वारा किया जाएगा। 

गौरतलब है कि 10 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने सहारा समूह के प्रमुख सुब्रत राय के उस आवेदन को खारिज कर दिया था जिसमे उन्होंने निवेशकों के पैसे लौटाने के लिए 2019 तक की मोहलत मांगी थी। आवेदन खारिज करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि उन्हे भरोसा नहीं है कि यदि नीलामी को रोक दिया जाए तो राय निवेशकों का 15 सौ करोड़ रुपए लौटा पाएंगे। वहीं सेबी ने दावा किया है कि सहारा समूह ने 30 मिलियन निवेशकों से अवैध तरीके से 20 हजार करोड़ रुपए जमा किए थे। 

कभी यहां सजती थी फिल्म सितारों की पार्टियां 

एंबी वैली में कई फिल्मस्टार,खिलाड़ी और वीआईपी लोगों के बंगले हैं। खूबसूरत वादियां, लेक और लग्जरी बंगलों के अलावा यहां सहारा ग्रुप द्वारा बनाया गया प्राइवेट रनवे भी है। पहाड़ी इलाके में बनी एंबी वैली कुल 10,600 एकड़ में फैली हुई है। कभी यहां फिल्मी सितारों-क्रिकेटरों की पार्टीयां सजती रहती थी।  

इन सबके अलावा यहां गोल्फ कोर्स, स्पैनिश कॉटेज, इंटरनेशनल स्कूल, प्ले ग्राउंड और फॉर्च्यून फाउंटेन हैं। यहां वाटर स्पोर्ट्स से लेकर डर्ट रेस बाइकिंग की फैसिलिटी है। एंबी वैली में वाटर स्पोर्ट्स के अलावा एडवेंचर स्पोर्ट्स के इवेंट्स भी होते हैं। इसके अलावा स्काई डाइविंग जैसी सुविधा भी यहां दी जाती है। यहीं से देश की पहली सी-प्लेन सेवा शुरू हुई थी। एंबी वैली लोनावाला से 23 किलोमीटर की दूरी पर मुंबई-पुणे हाईवे पर स्थित है। यहां से पुणे 87 और मुंबई 120 किमी दूर है।

Created On :   14 Aug 2017 3:53 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story