वरिष्ठ पत्रकार नंदकिशोर नौटियाल का निधन 

Senior journalist Nandkishore Nautiyal passed away
वरिष्ठ पत्रकार नंदकिशोर नौटियाल का निधन 
वरिष्ठ पत्रकार नंदकिशोर नौटियाल का निधन 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। वरिष्ठ पत्रकार व महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के पूर्व कार्याध्यक्ष नंदकिशोर नौटियाल का आज शुक्रवार को  देहरादून में देहावसान हो गया। वे 89 वर्ष के थे। मुंबई से प्रकाशित साप्ताहिक हिंदी ब्लिट्ज की उन्होंने लंबे समय तक कमान संभाली और महानगर के हिंदी भाषी समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक गतिविधियों का नेतृत्व किया।‘महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी' के सचिव और कार्याध्यक्ष के रूप में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे प्रसिद्ध तीर्थस्थल बद्री केदारनाथ की मंदिर समिति के अध्यक्ष भी रहे। श्री नौटियाल गोवा मुक्ति संग्राम और पृथक हिमालयी राज्य और उत्तराखंड आंदोलन से भी जुड़े। कई पत्र- पत्रिकाओं से होते हुए 1962 में मुंबई में साप्ताहिक हिंदी ब्लिट्ज से जुड़े। दस साल सहायक संपादक रहने के बाद 1973 में संपादक बने। उन्होंने विश्व हिंदी सम्मेलनों में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है। नौटियाल को हिंदी साहित्य सम्मेलन का साहित्य वाचस्पति सम्मान, आचार्य तुलसी सम्मान, उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान का पत्रकार भूषण सम्मान, लोहिया मधु लिमये सम्मान समेत रोटरी, लायंस आदि अनेक राष्ट्रीय स्तर के सम्मान प्राप्त हुए। उनके निधन पर मुंबई हिंदी पत्रकार संघ ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

तेवरवाली पत्रकारिता के शार्ष पुरुष

वरिष्ठ पत्रकार हरिश पाठक ने दिवंगत नौटियाल को याद करते हुए कहा कि नौटियाल जी हिंदी की तेवरवाली पत्रकारिता के शीर्ष पुरुष थे। उन्होंने कहा कि वे मेरे लिए हर मोड पर मददगार साबित हुए। वे हमें हौसला देने वाले व्यक्ति थे। जिन दिनों मैं ‘आंचलिक अखबारों की राष्ट्रीय पत्रकारिता’ किताब लिखने के लिए शोध कर रहा था उस वक्त राजस्थान से लेकर रांची तक उनके सम्पर्कों से खूब मदद मिली। इस किताब में उनका 25 पेज का इंटरव्यू प्रकाशित हुआ है। उनकी इच्छा थी कि वे विमोचन समारोह में आएं। मैं उन्हें जरूर बुलाता लेकिन मेरी यह इच्छा पूरी नहीं हो सकी। 

यारों के यार थे नौटियाल 

वरिष्ठ पत्रकार विश्वनाथ सचदेव ने कहा कि नौटियाल जी का जाना सिर्फ हिंदी पत्रकारिता के लिए बल्कि संपूर्ण पत्रकारिता जगह के लिए क्षति है। उन्होंने हिंदी पत्रकारिता की भाषा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया। ब्लिट्ज के माध्यम से उन्होंने सरल भाषा में आम लोगों तक खबरे पहुंचाई। श्री नौटियाल ने अपनी पत्रकारिता के माध्यम से गांव-कस्बों को देश से जोड़ने का कार्य किया। वे यारो के यार थे। हमेशा सबकी मदद के लिए तैयार रहते थे। मुंबई भाजपा के महामंत्री व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री अमरजीत मिश्र ने वरिष्ठ पत्रकार नंदकिशोर नौटियाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मिश्र ने कहा कि नौटियाल जी साहित्य व पत्रकारिता के साथ साथ हिंदीभाषी समाज से भी सीधे जुड़े थे। मिश्र ने बताया कि अकादमी के कार्यक्रम के संदर्भ मे मेरी 14 अगस्त को उनसे बात हुई थी। अस्वस्थ होने के बावजूद उन्होने पूरे जोश से बात की थी। 
 

Created On :   30 Aug 2019 3:36 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story