भाजपा विधायक के पेट्रोल पंप में तीसरी बार लूट, तीन नकाबपोशों ने कांच तोड़कर दिया घटना को अंजाम

Seoni: Third robbery at petrol pump of BJP MLA on highway no 7
भाजपा विधायक के पेट्रोल पंप में तीसरी बार लूट, तीन नकाबपोशों ने कांच तोड़कर दिया घटना को अंजाम
भाजपा विधायक के पेट्रोल पंप में तीसरी बार लूट, तीन नकाबपोशों ने कांच तोड़कर दिया घटना को अंजाम

डिजिटल डेस्क, सिवनी। नेशनल हाईवे 7 स्थित नए बायपास से कुछ ही दूरी पर स्थित पेट्रोल पंप में मंगलवार तड़के लूट की वारदात हो गई। तीन नकाबपोशों ने 10 मिनट के अंदर नकदी लूटकर फरार हो गए। पेट्रोल पंप केवलारी से भाजपा विधायक राकेश पाल का है। उनके पेट्रोल पंप पर यह तीसरी बार घटना हुई। फिलहाल बंडोल पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी शुरु कर दी है। घटना को लेकर पुलिस की गश्त को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इधर पुलिस का कहना है कि जल्द से जल्द आरोपियों की शिनाख्त की जाएगी।

ये है घटना
मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 4.30 बजे तीन नकाबपोश पेट्रोल पंप के पीछे खेत की ओर से आए। उन्होंने पहले तो पंप कार्यालय में लगी कांच की बड़ी खिड़की पर पत्थर बरसाना शुरु कर दिया। कर्मचारी घबरा गए। इस बीच पंप के बाहर खड़े एक कर्मचारी को पत्थर दिखाकर भगा दिया। इसके बाद कार्यालय के अंदर दो लुटेरे घुस गए और तीसरा बाहर नजर बनाए रखा। दोनों लुटेरो ने पत्थर मारने की धमकी देकर कर्मचारियों के पास रखे करीब दस हजार रू.नकद छीन लिए। वाद में मौका पाकर वे फरार हो गए।

पुलिस लगी छानबीन में
घटना की सुबह जानकारी मिलते ही बंडोल थाना प्रभारी मुन्नालाल राहंगडाले दलबल के साथ पहुंचे। उन्होंने मौका स्थल का निरीक्षण किया इसके अलावा कर्मचारियों के बयान लिए। बयानों के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 392 का मुकदमा दर्ज किया। कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि लूट करने आए नकाबपोश स्थानीय बोली बोल रहे थे। उनके पास कोई हथियार नहीं थे। वे पंप के जिस पीछे वाले हिस्से से आए थे उसी रास्ते वे भाग निकले। पुलिस को शक है कि स्थानीय लोग या आसपास के लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया होगा।

दो बार हो चुकी लूट
इस पेट्रोल पंप में दो बार पहले लूट हो चुकी है। हालांकि इसमें आरोपी पकडे़ गए थे। पहली घटना 18 अप्रैल 2016 को हुई थी। यहां पर करीब दस हजार रुपए लूटे गए थे। इसके बाद 9 अप्रैल 2018 को दूसरी वारदात हुई। बोलेरो सवार पांच नकाबपोशों ने कट्टे की नोक पर करीब 35 हजार रुपए लूट लिए थे। इस मामले में पुलिस ने लंबी जांच पड़ताल के बाद लुटेरों को पकड़ लिया था। लोगों में यह चर्चा है किआखिर इसी पंप को ही लुटेरे क्यों निशाना बना रहे हैं। हाईवे पर ही बंडोल के पास सिंग पेट्रोल पंप में लूट की घटना हो चुकी है इसके अलावा छपारा के पास खटकर पेट्रोल पंप में लूट की वारदात हो चुकी है। इसमें भी आरोपी पकड़े गए थे जो कि स्थानीय निकले।

इनका कहना है
तीन नकाबपोशों ने घटना को अंजाम दिया है। सभी स्तर पर जांच पड़ताल कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज से भी जांच की जा रही है। कोशिश कर रहे हैं कि जल्द ही आरोपियों की पहचान हो सके।
एमएल राहंगडाले, थाना प्रभारी, बंडोल
 

Created On :   15 May 2019 10:33 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story