सर्वर डाउन, नहीं मिल रहा सरकारी राशन

Server down, not getting government ration, nagpur maharashtra
सर्वर डाउन, नहीं मिल रहा सरकारी राशन
सर्वर डाउन, नहीं मिल रहा सरकारी राशन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पिछले कुछ दिनों से राशन विभाग का सर्वर डाउन होने से प्वाइंट ऑफ सेल (पॉस) मशीन काम नहीं कर रही है। जरूरतमंदों को सरकारी राशन नहीं मिल पा रहा है। जरूरतमंद तेज धूप में राशन दुकान पहुंचता है और सर्वर डाउन होने का जवाब सुनकर बैरंग लौट रहा है। कई बार तो राशन नहीं मिलने पर लोगों का राशन दुकानदारों के साथ विवाद हो रहा है।

दुकानदार संघ के पदाधिकारी मिले अधिकारी से

सर्वर डाउन होने से उत्पन्न हुई समस्या के निराकरण के लिए राशन दुकानदार संघ के पदाधिकारियों ने खाद्यान्न वितरण अधिकारी प्रशांत काले से मिलकर उन्हें मांगों का निवेदन दिया। सर्वर डाउन होने से अनाज वितरित नहीं हो पा रहा है और उपभोक्ताओं को समझाने में परेशानी हो रही है। संघ के अध्यक्ष सुभाष मुसले ने बताया कि, यह समस्या स्थानीय स्तर पर नहीं होने का जवाब अधिकारी से मिला। मुंबई मंत्रालय से संपर्क करने का आश्वासन अधिकारी से मिला है। लोग राशन के लिए दुकान पहुंचकर बैरंग लैाट रहे हैं। 


पूरे राज्य में है यह समस्य

सरकार ने पॉस मशीन के माध्यम से ही अनाज बांटने का नियम बनाया है। पॉस मशीन पर अंगूठा मैच होने के बाद ही संबंधित व्यक्ति को राशन दिया जाता है। पास मशीन चलने के लिए सर्वर का ठीक होना जरूरी है और इसका नियंत्रण मुंबई से होता है। 4 मई से अनाज का वितरण शुरू हुआ। पहले दो दिन पॉस मशीन चालू-बंद होती रही। नेट की समस्या समझकर किसी ने शिकायत नहीं की। 7 मई से मशीन बंद ही हो गई है। लोग तेज धूप में राशन दुकान के सामने खड़े रहते हैं और थक हारकर बगैर अनाज लिए ही घर जाते हैं। सर्वर की समस्या दूर होगी, इस उम्मीद में कई लोग तीन से चार घंटे तक राशन दुकान के पास ही खड़े रहते हैं। कई बार तो जरूरतमंद व राशन दुकानदार के बीच विवाद भी हो जाता है, जबकि इसमें राशन दुकानदार की कोई भूमिका नहीं है। सर्वर डाउन की समस्या नागपुर समेत पूरे राज्य में चल रही है। 

पिछले तीन दिन से राशन नहीं मिल रहा। पॉस मशीन बंद होने का जवाब राशन दुकानदार दे रहे हैं।  श्री दुर्गा स्वस्त धान्य दुकान शेष  नगर, महालक्ष्मी धान्य भांडार शक्ति माता नगर, श्री दत्त धान्य भांडार वाठोड़ा, खरबी, हिवरी नगर से लौट बैरंग लौट रहे हैं। 
- नारायण नाकतोडे, उपभोक्ता

हम लोग  आज दो बार दुकान मे आए, पर राशन नहीं मिला। इतनी धूप मे हम कैसे बार-बार दुकान के चक्कर काटें।
-श्रीराम गुमगांवकर व धांडे, उपभोक्ता

काम धंधा छोड़कर और इतनी धूप मे यहा आना पड़ता है। दुकानदार भी ठीक से जवाब नहीं दे रहे हैं। 
- सविता ठवरे, किशोर धकाते, उपभोक्त


नेशनल इन्फॉर्मेशन सेंटर से ही यह समस्या आ रही है। समस्या सिर्फ पॉस मशीन में ही नहीं, जहां भी थम लगता होगा वहां यह समस्या बनी हुई है। इस बारे में हम कोई पूर्व सूचना नहीं दे सकते, क्योंकि इसके बारे में किसीं को पता नहीं होता। एनआईसी व यूआईडी से ही समस्या बनी है। सर्वर शुरू हो आैर जरूरतमंदों को शीघ्र अनाज मिले, इस दिशा में हमारी कोशिश जारी है। 
-लीलाधर वार्डेकर, अन्न धान्य वितरण अधिकारी नागपुर

Created On :   12 May 2019 12:25 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story