शहर शिवसेना की नई टीम का निकला मुहूर्त, तुमसरे,कड़व बने शहर प्रमुख,पांडेय को पूर्व, कुमेरिया काे दक्षिण की कमान

Shiv Sena announces first list of city executive
शहर शिवसेना की नई टीम का निकला मुहूर्त, तुमसरे,कड़व बने शहर प्रमुख,पांडेय को पूर्व, कुमेरिया काे दक्षिण की कमान
शहर शिवसेना की नई टीम का निकला मुहूर्त, तुमसरे,कड़व बने शहर प्रमुख,पांडेय को पूर्व, कुमेरिया काे दक्षिण की कमान

डिजिटल डेस्क,नागपुर। लंबे समय से नई टीम का इंतजार कर रही शहर शिवसेना में कार्यकारिणी विस्तार का मुहूर्त निकल गया है। शिवसेना की ओर से शहर कार्यकारिणी की पहली सूची घोषित कर दी गई है। राजेश तुमसरे व मंगेश कड़व को शहर प्रमुख बनाया गया है। रविनीश पांडेय को पूर्व व किशोर कुमेरिया को दक्षिण नागपुर विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।  युवा सेना के उप जिला अधिकारी रहे नितीन तिवारी को शहर शिवसेना का समन्वयक व प्रचार प्रसार मामलों का प्रमुख बनाया गया है।

6 वर्षों से नहीं हुई कार्यकारिणी गठित
गौरतलब है कि शिवसेना में संगठनात्मक मामले में पदाें की घोषणा पार्टी के मुखपत्र सामना के माध्यम से होती है। पार्टी ने मुंबई से प्रकाशित अपने मुखपत्र में नागपुर शिवसेना की कार्यकारिणी की पहली सूची घोषित कर दी है। शिवसेना के जिला प्रमुख प्रकाश जाधव करीब एक वर्ष से कार्यकारिणी विस्तार का प्रयास कर रहे थे। पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे के पास प्रस्ताविक नामों की सूची थी। उसपर विचार नहीं किया जा सका था। कार्यकारिणी विस्तार नहीं होने से स्थानीय कार्यकर्ताओं में निराशा भी थी। करीब 6 वर्ष से शहर में शिवसेना की पूरी कार्यकारिणी नहीं बन पायी है। 3 जिला संपर्क प्रमुख व इतने ही जिला प्रमुख बदलने के बाद भी कार्यकारिणी का विस्तार नहीं हो पा रहा था। इस बीच कार्यकारिणी विस्तार को लेकर गुटबाजी व मुंबई के दौरे भी हुए। पिछले सप्ताह युवा सेना के सचिव पूर्वेश सरनाइक यहां आए तो जिला प्रमुख जाधव ने कार्यकारिणी विस्तार को लेकर कार्यकर्ताओं की निराशा का जिक्र भी किया था।

करीबी कार्यकर्ताओं को स्थान
शिवसेना के संगठन मामले में जिला स्तर पर जिला संपर्क प्रमुख सबसे महत्वपूर्ण पद रहता है। इस पद पर अक्सर मुंबई के या ठाकरे परिवार के करीबी नेता ही रहते हैं। फिलहाल मुंबई के लोकसभा सदस्य व पूर्व मंत्री गजानन कीर्तिकर यहां के जिला संपर्क प्रमुख हैं। जिला प्रमुख प्रकाश जाधव रामटेक से लोकसभा सदस्य रहे हैं। नागपुर लोकसभा के मामले मेें ग्रामीण के नेता कहलाते हैं। नई कार्यकारिणी में उन्होंने शहर प्रमुख के तौर पर दो करीबी कार्यकर्ता को स्थान दिलाया है। राजेश तुमसरे उनकेे निजी सहायक के तौर पर रहे हैं। शहर में 6 विधानसभा क्षेत्र है। शहर प्रमुख के तौर पर तुमसरे दक्षिण, पूर्व व उत्तर विभाग की संगठनात्मक जिम्मेदारी संभालेंगे। मंगेश कड़व को मध्य, पश्चिम व दक्षिण पश्चिम की जिम्मेदारी दी गई है। उपजिला प्रमुख के तौर पर विधानसभा क्षेत्र स्तर पर प्रमुख पदाधिकारी नियुक्त किए गए है। शहर में शिवसेना सबसे अधिक पूर्व व दक्षिण नागपुर में अपना प्रभाव मानती है। भाजपा से गठबंधन के दौरान इन सीटों पर शिवसेना उम्मीदवार रहे हैं। पूर्व नागपुर में उपजिला प्रमुख रविनीश पांडेय को नियुक्त किया गया है। उपमहापौर रहे किशोर कुमेरिया को दक्षिण की जिम्मेदारी दी गई। अन्य उप जिला प्रमुखों में दिगंबर ठाकरे को पश्चिम नागपुर, किशोर ठाकरे उत्तर नागपुर, सूरज गोजे मध्य नागपुर, प्रवीण जुमले दक्षिण पश्चिम नागपुर की जिम्मेदारी संभालेंगे। यशवंत राहंगडाले को पूर्व व राजेश कनोजिया को दक्षिण नागपुर का विधानसभा संगठक नियुक्त किया गया है। 

Created On :   8 Feb 2019 9:40 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story