- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मनसे की पोलखोल के लिए शिवसेना ने...
मनसे की पोलखोल के लिए शिवसेना ने बनाया वीडियो
डिजिटल डेस्क, मुंबई। लोकसभा चुनाव इस बार कई मायनों में अनोखा है। चुनाव सिर्फ सड़कों-गलियों तक नहीं लड़ा जा रहा बल्कि यह चुनाव सोशल मीडिया के मैदान पर भी लड़ा जा रहा है। शिवसेना ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे को उनके ही अंदाज में जवाब देने के लिए एक वीडियो तैयार किया है। इस वीडियो के जरिए पार्टी राज ठाकरे पर पलटवार कर रही है।
पुरानी बयानवाजी व नए संबंधों पर कटाक्ष
वीडियो में मनसे और दक्षिण मुंबई से कांग्रेसी उम्मीदवार मिलिंद देवरा के बीच पुरानी बयानबाजी और नए संबंधों पर कटाक्ष किया गया है। साथ ही वीडियो में झूठ बोले कौवा काटे गाने का भी इस्तेमाल किया गया है। दरअसल, राज ठाकरे इन दिनों अपनी सभाओं में वीडियो क्लिप के जरिए मोदी के पुराने और नए भाषणों को दिखाकर उन पर वादा खिलाफी के आरोप लगाते हुए निशाना साधते हैं। इसी का जवाब देने के लिए शिवसेना की डिजिटल टीम ने यह वीडियो तैयार किया है। वाट्सएप पर वायरल हो रहे इस वीडियो में मिलिंद देवरा मनसे की आलोचना करते दिख रहे हैं। वे मनसे द्वारा साल 2015 में जैन सोसाइटी के बाहर मांस बेचकर प्रदर्शन से नाराज थे।
देवरा वीडियो में कह रहे हैं कि जैन समुदाय की भावनाओं की अनदेखी कर मनसे द्वारा इस तरह का प्रदर्शन किया जाना गलत है। इसके बाद आगे के वीडियो में देवरा इस बार के चुनाव प्रचार के दौरान दक्षिण मुंबई में मनसे कार्यकर्ताओं के साथ दिख रहे हैं। शिवसेना नेताओं के मुताबिक उत्तर भारतीय समुदाय के लिए यह वीडियो आंख खोलने वाला है। इससे पता चलता है कि कैसे कांग्रेस पार्टी मनसे के साथ मिलकर काम कर रही है। जिस मनसे ने पर्युषण के दौरान जैन सोसायटी के बाहर प्रदर्शन किया था अब कांग्रेस उसकी मदद ले रही है। शिनसेना नेताओं का दावा है कि देवरा के खिलाफ अरविंद सावंत की जीत पक्की है। इस वीडियो के जरिए बस हम देवरा का दोमुंहापन जनता के सामने लाना चाहते हैं।
Created On :   20 April 2019 11:58 AM GMT