तावडे बोले- विधानसभा में राकांपा का होगा विपक्ष का नेता, विखे पाटील को कांग्रेस का कारण बताओ नोटिस

Show cause notice of Congress to Vikhe Patil, Tawde attacked on NCP
तावडे बोले- विधानसभा में राकांपा का होगा विपक्ष का नेता, विखे पाटील को कांग्रेस का कारण बताओ नोटिस
तावडे बोले- विधानसभा में राकांपा का होगा विपक्ष का नेता, विखे पाटील को कांग्रेस का कारण बताओ नोटिस

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भाजपा के वरिष्ठ नेता व प्रदेश के शिक्षा मंत्री विनोद तावडे ने दावा किया है कि विधानसभा में अगला विपक्ष का नेता राष्ट्रवादी कांग्रेस का होगा। शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में तावडे ने कहा कि कांग्रेस नेता राधाकृष्ण विखे पाटील ने विधानसभा में विपक्ष के नेता पद से इस्तीफा दिया है लेकिन विखे पाटील का इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कैसे स्वीकार कर सकते हैं। तावडे ने कहा कि विखे पाटील को अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष हरिभाऊ बागडे को देना चाहिए। अगर विधानसभा अध्यक्ष विखे पाटील का इस्तीफा स्वीकार करते हैं तो उन्हें विधानसभा में इसकी घोषणा करनी होगी। तावडे ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष विखे पाटील का इस्तीफा स्वीकार करते हैं तो विधानसभा में विपक्ष का नेता राष्ट्रवादी कांग्रेस का बनेगा। क्योंकि मुंबई के वडाला सीट से कांग्रेस के विधायक कालीदास कोलंबकर भाजपा के साथ काम कर रहे हैं। कणकवली सीट से कांग्रेस के विधायक नीतेश राणे अपनी पार्टी के साथ नहीं हैं। औरंगाबाद के सिल्लोड से कांग्रेस विधायक अब्दुल सत्तार को बगावत के कारण पार्टी से निकाल दिया गया है। ऐसी स्थिति में विपक्ष का नेता पद अब राष्ट्रवादी कांग्रेस के पास जाने की संभावना है। इससे पहले गुरुवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने बताया था कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने विखे पाटील का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। विखे पाटील ने विपक्ष के नेता पद से इस्तीफा भले ही दिया है पर उन्होंने अब तक कांग्रेस के सदस्य पद से इस्तीफा नहीं दिया है। विधानसभा में फिलहाल कांग्रेस के विधायकों की संख्या 42 और राष्ट्रवादी कांग्रेस के विधायकों की संख्या 41 है। यदि कांग्रेस का एक भी विधायक पार्टी छोड़ता है तो स्वभाविक रूप से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी विपक्ष के नेता पद पर दावा करेगी। हालांकि लोकसभा चुनाव के बाद विधानमंडल का मानसून सत्र आखिरी अधिवेशन होगा। करीब 6 माह के भीतर ही विधानसभा चुनाव होंगे। 

राज के पक्ष में क्यों बोल रहे कांग्रेस के मिलिंद 

मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के वीडियो के जवाब में भाजपा की तरफ से 27 अप्रैल को वीडियो सभा के आयोजन को लेकर आपत्ति जताने वाले मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष मिलिंद देवडा पर शिक्षा मंत्री विनोद तावडे ने निशाना साधा है। तावडे ने कहा कि भाजपा 27 अप्रैल को मनसे के झूठ का पर्दाफाश करेगी। पर इसको लेकर कांग्रेस इतनी डरी हुई क्यों है। तावडे ने कहा कि राज ने यदि अपनी सभाओं में सच बात कही है तो कांग्रेस को डरने की जरूरत क्या है। इससे पहले गुरुवार को देवडा ने मुख्य चुनाव अधिकारी अश्विनी कुमार को पत्र लिखकर कहा है कि भाजपा की तरफ से दिखाए जाने वाले वीडियो की पहले जांच होनी चाहिए। 

विखे पाटील को कांग्रेस का कारण बताओ नोटिस

विधानसभा में विपक्ष के नेता पद से इस्तीफा दे चुके वरिष्ठ कांग्रेस नेता राधाकृष्ण विखे पाटील को पार्टी ने कारण बताओं नोटिस जारी किया है। विखे पाटील  शिर्डी लोकसभा सीट से शिवसेना सदाशिव लोखंडे के चुनाव प्रचार के लिए शिवसेना के मंच पर गए थे। वे शिर्डी से ही विधायक हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण की तरफ से जारी नोटिस में उनसे इस पर सफाई मांगी गई है कि उन्होंने शिवसेना उम्मीदवार का प्रचार क्यों किया। इस बीच विखे पाटील ने कहा है कि वे शनिवार, 27 अप्रैल को लोणी (अहमदनगर) में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में अपनी बात रखेंगे। 

Created On :   26 April 2019 5:04 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story