कहीं बर्फ की चादर, तो कहीं बर्फीली हवाएं, ठंड से बेहाल उत्तर भारत

कहीं बर्फ की चादर, तो कहीं बर्फीली हवाएं, ठंड से बेहाल उत्तर भारत

डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। ठंड आते है तापमान गिरने के रिकॉर्ड भी टूटने लगे हैं। श्रीनगर में 24 नवंबर को पिछले 10 साल का ठंड का रिकॉर्ड टूटा गया। श्रीनगर में तापमान लगातार गिर रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के एक अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात की तुलना में 0.8 डिग्री सेल्सियस कम था। उन्होंने बताया कि पिछले एक दशक में नवंबर में दर्ज किया गया ये राज्य का सबसे कम तापमान था। पिछले पांच दिनों से यहां लगातार तापमान में गिरावट जारी है। इससे पहले 28 नवंबर 2007 को श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 4.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

दक्षिण कश्मीर के काजीगुंद और कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2.2 डिग्री सेल्सियस और 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। । पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 5.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 

हिमाचल प्रदेश और लेह भी लुढ़का पारा 

वहीं लेह और हिमाचल में भी काफी कम तापमान रहा। हिमाचल प्रदेश के केलंग में तापमान माइनस 7.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 13.3 डिग्री सेल्सियस, गुलमर्ग में माइनस 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश का न्यूनतम तापमान शून्य से करीब आठ डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़क गया। हिमाचल शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर से भी ठंडा रहा। 

हिमाचल के लाहुल के ग्राफू से निकलकर करीब 30 वाहन रोहतांग से सटे राहनीनाला में फंस गए। इससे इन वाहनों में सवार करीब 110 लोगों को बर्फीली हवाओं के बीच रात तीन बजे तक परेशान होना पड़ा। 

मध्य प्रदेश भी ठंड बढ़ी 

मध्य प्रदेश में भी उत्तर के गिरते तापमान का असर दिखने लगा हैं। राजधानी भोपाल में उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं से रात में अचानक ठिठुरन बढ़ गई है। गुरुवार-शुक्रवार की रात का पारा 10.8 डिग्री तक लुढ़क गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विज्ञानियों ने अभी दो दिन तक ठंड के तेवर तीखे बने रहने के आसार जताए हैं। उधर, शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो कि सामान्य रहा। दो दिन में रात के तापमान में 6.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को सुबह पांच बजे पारा 11 डिग्री सेल्सियस पर थमा हुआ था। सर्द हवा के कारण वातावरण में ठिठुरन बरकरार थी। 
 

Created On :   25 Nov 2017 4:14 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story