15 लाख में बेच दी 31.60 लाख की दुका, नगर निगम में बड़ा घोटाला

 15 लाख में बेच दी 31.60 लाख की दुका, नगर निगम में बड़ा घोटाला
 15 लाख में बेच दी 31.60 लाख की दुका, नगर निगम में बड़ा घोटाला

डिजिटल डेस्क,सतना। बस स्टैंड परिसर (पूर्व फायर स्टेशन) में नव निर्मित नगर निगम के शॉपिंग कॉम्पलेक्स में दुकानों के आवंटन का मामला विवाद में आ गया है। इसी कॉम्पलेक्स के भूतल पर स्थित जिस शॉप नंबर-21 के लिए यहां के कारोबारी सुबोध सिंह ने  टेंडर प्रक्रिया में शामिल होते हुए 31 लाख 60 हजार की बोली लगाई थी,वही दुकान चोर रास्ते से महज 15 लाख में बिक गई। इस सच की पोल खुलने के बाद शॉपिंग कॉम्पलेक्स की आड़ में बड़े घोटाले की आशंका गहरा गई है। कारोबारी सुबोध सिंह ने कहा कि वे मामले की शिकायत राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू)से करेंगे। कॉम्पलेक्स में तकरीबन 100 दुकानें हैं। सिंह को आशंका है कि इनमें से ज्यादातर दुकानों का आवंटन नियमों के खिलाफ जाकर निगम के ही जिम्मेदारों ने सिंगल टेंडर पर चोर रास्ते से कर दिया है। 

सिंगल टेंडर पर दोहरे मापदंड 

नगर निगम के शॉपिंग कॉम्पलेक्स के भूतल पर स्थित शॉप नंबर-21 के आंवटन की टेंडर प्रक्रिया के तहत सुबोध सिंह से नगर निगम के पक्ष में 2 लाख 12 हजार रुपए की अमानत राशि जमा कराई गई थी। निविदा प्रक्रिया में भाग लेते हुए इस दुकान के लिए श्री सिंह ने जब 31 लाख 60 हजार रुपए की उच्चतम बोली लगाई तो खरीदी दावे को तब ये कह कर खारिज कर दिया गया था कि उनका सिंगल टेंडर था। निगम ने आननफानन में उनकी अमानत राशि भी मुक्त कर दी थी। लेकिन आरोप है कि यही दुकान बाद में सिंगल टेंडर पर ही लगभग 15 लाख रुपए में किसी और को आवंटित कर दी गई। आरोप हैं कि इस शॉपिंग कॉम्पलेक्स में सिंगल टेंडर पर दुकान आवंटित कर शासन को आर्थिक चोट मारने का ये इकलौता मामला नहीं है। ऐसी अनेक दुकानें हैं,जो सिंगल टेंडर पर ही बेंच खाई गईं। इसके लिए निविदाओं का कब और कहां सार्वजनिक प्रकाशन किया गया? ये भी बड़ा सवाल है? 

4 साल से 67 व्यापारियों के फंसे हैं 7 करोड़ 

बस स्टैंड परिसर स्थित नगर निगम के शॉपिंग कॉम्पलेक्स में दुकानों के लिए तकरीबन 7 करोड़ की पूंजी फंसा चुके 67 ऐसे व्यापारी हैं,जिन्हें 4 वर्ष बाद भी कब्जा नहीं मिल पाया है। लाखों की लंबी पूंजी लगाने के बाद भी कारोबारी दर-दर की ठोकर खाने को मजबूर हैं। उल्लेखनीय है,शॉपिंग काम्पलेक्स में लगभग 100 दुकानें हैं,जिनमें से ग्राउंड फ्लोर की 31 और फस्ट फ्लोर की 36 दुकानों के आवंटन का पहला ऑफर जून 2015 में सामने आया था।  
 

Created On :   14 Aug 2019 7:42 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story