सोनिया गांधी प्रियंका को कमान सौंपने की सोच रही हैं.. फिर राहुल क्या करेंगे ?

Sonia is considering Priyanka Gandhi as the working president of the Congress
सोनिया गांधी प्रियंका को कमान सौंपने की सोच रही हैं.. फिर राहुल क्या करेंगे ?
सोनिया गांधी प्रियंका को कमान सौंपने की सोच रही हैं.. फिर राहुल क्या करेंगे ?

डिजिटल भास्कर, दिल्ली राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष कब बनेंगे ये सवाल लंबे समय से सियासी फिजा में तैर रहा है। बीच-बीच खबरें भी आती रहती हैं कि राहुल जल्द ही सोनिया गांधी की जगह पार्टी की कमान संभालने वाले हैं। माना भी जा रहा है कि 2017 में ही राहुल को नेतृत्व की बागडोर सौंप दी जाएगी। लेकिन एक अंग्रेजी अखबार ने दावा किया है कि सोनिया, प्रियंका गांधी को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाने पर विचार कर रही हैं।

बताया गया है कि 8 अगस्त को दिल्ली में हुई कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक में सोनिया ने सीनियर नेताओं से इस बारे में चर्चा भी की। भारत छोड़ो आंदोलन की  75वीं वर्षगांठ से जुड़े मसले  पर विचार के लिए यह बैठक बुलाई गई थी, बैठक के खत्म होते ही सोनिया ने अपने करीबी चार नेताओं से कुछ ऐसा कहा, जिसकी उम्मीद उन्हें भी नहीं थी। सोनिया ने पूछा ‘क्या प्रियंका को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए?’ अचानक पूछे गए इस सवाल ने नेताओं को हैरत में डाल दिया। हालांकि उन्होंने तुरंत ही इस प्रस्ताव पर अपनी सहमति भी दे दी.

सूत्रों की मानें तो जिन नेताओं के सामने सोनिया ने यह प्रस्ताव रखा था उनमें पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी शामिल थे. सीडब्ल्यूसी के एक सदस्य के मुताबिक, ‘कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रस्ताव यूं ही अचानक नहीं रखा था, यकीनन उनके दिमाग में कुछ चल रहा है जिसकी परिणति आने वाले दिनों में नजर आ सकती है। और अगर जैसा उन्होंने प्रस्ताव रखा है उसी के मुताबिक परिवर्तन होता है तो इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता.’ 

इस बैठक में राहुल गांधी तबीयत खराब होने की वजह से शामिल नहीं हो पाए थे। राहुल-प्रियंका की अच्छी बॉन्डिंग से हर कोई वाकिफ है, लेकिन दूसरी ओर प्रियंका को कांग्रेस संगठन में बड़ी ज़िम्मेदारी दिए जाने की मांग काफी समय से की जा रही है।

राहुल ही बनेंगे पार्टी अध्यक्ष

अब इस खबर के सामने आने के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि राहुल अगर पार्टी अध्यक्ष बना भी दिए जाते हैं तो प्रियंका कार्यकारी अध्यक्ष हो सकती हैं। प्रियंका ने अब तक खुद रायबरेली और अमेठी संसदीय क्षेत्रों तक ही सीमित रखा है। अपनी मां और भाई के चुनाव अभियान की कमान वही संभालती हैं। 

प्रियंका के ऑफिस ने किया खबर का खंडन

मीडिया में प्रियंका गांधी के संभावित कार्यकारी अध्यक्ष बनने की खबर का उनके ऑफिस ने खंडन किया है। प्रियंका गांधी के निजी सहायक पी. सहाय ने कहा कि ये खबर मनगढ़ंत है। इस तरह की कोई चर्चा नहीं हुई है।

Created On :   14 Aug 2017 4:35 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story