सपा विधायक राजेश शुक्ला पर लगे कंपनी हड़पने के आरोप

SP MLA Rajesh Shukla accused of grabbing company
सपा विधायक राजेश शुक्ला पर लगे कंपनी हड़पने के आरोप
सपा विधायक राजेश शुक्ला पर लगे कंपनी हड़पने के आरोप

डिजिटल डेस्क  छतरपुर । कांग्रेस सेवादल के प्रदेश सचिव राजेश शर्मा ने बिजावर से सपा विधायक राजेश शुक्ला बबलू पर जय मां कंसट्रक्शन कंपनी और डेढ़ करोड़ रुपए हड़पने के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। राजेश शर्मा ने सोमवार को एक पत्रकारवार्ता में आरोप लगाया कि साल 2010 में राजेश शुक्ला बबलू, ग्वालियर निवासी वैदेहीशरण शर्मा, नवीन कुमार पांडेय, पवन कुमार सोनी, बलवीर सिंह बुंदेला और उन्होंने मिलकर एक जय मां कस्ंट्रक्शन कंपनी बनाई थी। यह अभी तक निर्माण और अन्य काम कर रही है। पूर्व में कंपनी में वैदेहीशरण शर्मा का 25 प्रतिशत शेयर रहा, बाकी सभी का शेयर 15 प्रतिशत रहा। राजेश शर्मा ने पत्रकारवार्ता में सपा विधायक राजेश शुक्ला पर आरोप लगाते हुए बताया कि उन्होंने अपने राजनैतिक रसूख का इस्तेमाल करते हुए कूटरचित फर्जी दस्तावेज तैयार कर संशोधित फर्म बनाकर मध्यप्रदेश राजपत्र में आम सूचना कंपनी के पार्टनर नवीन कुमार पाण्डेय के माध्यम से प्रकाशित करा दी कि दिनांक 31 मार्च 2019 से राजेश शर्मा कंपनी सेे स्वेच्छा से बाहर हो गए हैं। राजेश शर्मा का कहना है कि उन्होंने कंपनी नहीं छोड़ी है और न ही किसी दस्तावेज में दस्तखत किए हैं।
डेढ़ करोड़ रुपए हड़पने का आरोप 
 राजेश शर्मा ने सपा विधायक पर न केवल कंपनी हड़पने बल्कि यह भी आरोप लगाया है कि राजेश शुक्ला ने उनके डेढ़ करोड़ रुपए भी हड़प लिए हैं। श्री शर्मा का कहना है कि कंपनी हड़पे जाने की जानकारी उन्हें तब लगी, जब पन्ना में चल रहे कंपनी के काम के पेमेंट का 51 लाख रुपए का भुगतान कंपनी के खाते में न होकर फर्जी तरीके से खोले गए बैंक खाते में हुआ। राजेश शुक्ला सहित कंपनी में शामिल सभी लोगों ने उनके साथ धोखाधड़ी की है। इसकी शिकायत राजेश शर्मा ने डीआईजी और एसपी से की है।
भ्रष्टाचार की शिकायत से बौखलाए राजेश शर्मा
इन आरोपों के संबध में सपा विधायक राजेश  शुक्ला बबलू का कहना है कि सटई नगर पंचायत की अध्यक्ष राजेश शर्मा की पत्नी है। उनके द्वारा नगर पंचायत की दुकानों का पैसा जमा नहीं किया गया। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं में जमकर भ्रष्टाचार किया गया है। इसकी जांच चल रही है। जेल जाने के डर से राजेश शर्मा बौखला गए हैं, इसलिए अनाप-शनाप आरोप लगा रहे हैं। उनके आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है।
 

Created On :   3 Dec 2019 1:41 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story