स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) का बदला नाम, अब कहलाएगी स्पोर्ट्स इंडिया

Sports Authority of India, will now be known as Sports India
स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) का बदला नाम, अब कहलाएगी स्पोर्ट्स इंडिया
स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) का बदला नाम, अब कहलाएगी स्पोर्ट्स इंडिया
हाईलाइट
  • स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) का नाम बदलकर स्पोर्ट्स इंडिया (SI) कर दिया गया है।
  • केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने बुधवार को इसकी घोषणा की।
  • खेल मंत्री ने कहा कि 'अथॉरिटी' जैसे शब्द खेल की दुनिया में अब प्रासंगिक नहीं हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) का नाम बदलकर स्पोर्ट्स इंडिया (SI) कर दिया गया है। केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने बुधवार को इसकी घोषणा की। खेल मंत्री ने कहा कि "अथॉरिटी" जैसे शब्द खेल की दुनिया में अब प्रासंगिक नहीं हैं। वहीं राठौर ने खिलाड़ियों के भोजन पर होने वाले खर्च को बढ़ाते हुए इसकी देखरेख के लिए एक समिति के गठन की भी घोषणा की।

 

 

नेशनल स्पोर्ट्स बॉडी की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। इस बैठक में देश में खेलों के सुधार और उनके देखरेख के लिए प्रमुख कदम उठाने के लिए फैसले लिए गए। बैठक के बाद राठौर ने कहा कि, SAI का नाम बदला जाएगा। अथॉरिटी जैसे शब्द खेल की दुनिया में अब प्रासंगिक नहीं होने की वजह से इसे हटाया जा रहा है। अब से इसे स्पोर्ट्स इंडिया (SI) के नाम से जाना जाएगा।

उन्होंने कहा कि, काउंसिल ने नेशनल स्पोर्ट्स बॉडी को छोटा करने का फैसला किया है। इसके पदों में कांट-छांट की जाएगी। कुछ पदों पर काबिज ऑफिसरों के रिटायर होने के बाद, इन पदों को हमेशा के लिए खत्म कर दिया जाएगा।

खिलाड़ियों के खाने पर होने वाले खर्च को लेकर राठौर ने कहा कि, एथलीटों की बेहतर सुविधा के लिए उनको दिए जाने वाले भोजन पर अधिक खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि, "राष्ट्रीय एकेडमी के खिलाड़ियों के अच्छे पोषण के लिए उनपर होने वाले खर्च में वृद्धि की गई है। हमने खर्च होने वाली राशि 450 रुपये कर दी है जोकि पहले 300 रुपये से भी कम थी।"

खेल मंत्री ने कहा कि हम इसके लिए एक अलग समिति भी बना रहे हैं। इनमें हर खेल से विशेषज्ञों की एक समिति का गठन किया जाएगा जो तय करेगा कि भोजन पर कितना खर्च करने की जरूरत है। विशेषज्ञों की इस समिति में कोच को भी शामिल किया जाएगा।

गौरतलब है कि यह निर्णय कुछ समय पहले SAI पर लगे खराब खाना परोसने के आरोप के बाद आया है। खिलाड़ियों ने शिकायत की थी कि उन्हें SAI के सेंटर्स पर खराब गुणवत्ता का खाना परोसा जाता है। भारतीय पुरुष हॉकी कोच हरेंद्र सिंह ने भी SAI सेंटर्स पर खराब खाना परोसे जाने की शिकायत की थी। 

 

Created On :   4 July 2018 5:00 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story