चुनावी ड्यूटी में बैंक और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी जुटेंगे

Staff of bank and health department will duty in lok sabha election
चुनावी ड्यूटी में बैंक और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी जुटेंगे
चुनावी ड्यूटी में बैंक और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी जुटेंगे

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जिला प्रशासन ने जीवनावश्यक सेवा व सीधे लोगों से जुड़ी सेवा से होने का दम भरने वाले बैंक कर्मचारी व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की हवा निकाल दी है। जिला प्रशासन ने नागपुर स्थित बैंक के रीजनल व आंचलिक कार्यालयों के अधिकांश कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी में लगा दिया। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों की भी चुनाव में ड्यूटी लगा दी गई। 

काम नहीं आई दलीलें - 

बैंक का काम जिम्मेदारी व नकदी से जुड़ा होने से चुनाव ड्यूटी में अधिकारी-कर्मचारियों को नहीं उतारा जाएगा, ऐसा बैंक कर्मियों का मानना था। इसी तरह स्वास्थ्य सेवा जीवनावश्यक होने के साथ ही लोगों की जिंदगी से जुड़ी होने से कर्मचारियों को चुनावी ड्यूटी से राहत मिलने की उम्मीद थी। जिला प्रशासन को चुनावी ड्यूटी के लिए बुधवार को  एक हजार कर्मचारियों की सूची फाइनल करनी थी। जिला प्रशासन की तरफ से बैंक व स्वास्थ्य विभाग को जो गुजारिश पत्र दिया गया था, उस पर सकारात्मक जवाब नहीं मिला था। बैंक अधिकारी कोर्ट की गाइडलाइन का हवाला देकर चुनाव ड्यूटी से बचना चाहते थे। इसके लिए दलीलें भी दी गईं। जिला प्रशासन ने बैंक की शाखाओं में कार्यरत कर्मचारियों को छोड़कर रीजनल व आंचलिक कार्यालयों में पदस्थ अधिकारी व कर्मचारियों की सूची मांगकर इनमें से अधिकांश लोगों की ड्यूटी चुनाव कार्य में लगा दी। नागपुर में बैंक के आधा दर्जन रीजनल व आंचलिक कार्यालय हैं। इसी तरह अस्पताल में कार्यरत कर्मचारी-अधिकारियों को छोड़कर उपसंचालक (स्वास्थ्य) कार्यालय, शहर व ग्रामीण के अस्पतालों में प्रशासनिक कार्य व अधिष्ठाता कार्यालय से जुड़े अधिकांश कर्मचारी व अधिकारियों को चुनावी ड्यूटी में लगा दिया। 

वाहनों को लेकर दो दिन में बैठक -

चुनाव ड्यूटी में लगनेवाले निजी वाहनों का किराया अब तक तय नहीं हो सका है। आरटीओ भी निजी वाहनों का किराया तय नहीं कर सका है। जिला प्रशासन ने निजी वाहनों का किराया तय करने का अधिकार संबंधित विधानसभा क्षेत्र के चुनाव अधिकारी को दिया है। कितने वाहन जमा हुए और कितने वाहन किराए से लेना है, इस संबंध में एक दो दिन में बैठक होगी। 
 

Created On :   15 March 2019 6:58 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story