सैयद मुश्ताक अली : पंजाब ने झारखंड को 109 रनों से हराया

Syed Mushtaq Ali: Punjab beat Jharkhand by 109 runs
सैयद मुश्ताक अली : पंजाब ने झारखंड को 109 रनों से हराया
सैयद मुश्ताक अली : पंजाब ने झारखंड को 109 रनों से हराया

सूरत, 21 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब ने गुरुवार को सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट के सुपर लीग दौर के अपने पहले मैच में झारखंड को 109 रनों से हरा दिया।

पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 199 रन बनाए थे। झारखंड की टीम 14.2 ओवरों में 90 रन ही बना सकी।

पंजाब के लिए मनदीप सिंह और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और पहले विकेट के लिए 124 रन जोड़े। मनदीप ने 52 गेंदों पर छह चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 81 रन बनाए। अभिषेक ने 44 गेंदों का सामना कर 10 चौके और दो छक्कों की मदद से 72 रनों की पारी खेली।

अभिषेक के जाने के बाद से मनदीप ने अकेले की दम पर पंजाब को मजबूत स्कोर दिया।

इस मजबूत स्कोर के सामने झारखंड को पंजाब के गेंदबाजों ने परेशान किया। लगातार विकेट ले पंजाब ने झारखंड को 100 के पार भी नहीं जाने दिया। उसके सिर्फ चार बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को छू सके। उत्कर्ष सिंह ने 24 रनों की सर्वोच्च पारी खेली। कप्तान शाहबाज नदीम चोटिल होने के कारण बल्लेबाजी करने नहीं आ सके।

पंजाब के लिए लेग स्पिनर मयंक मारकंडे ने तीन विकेट लिए। हरप्रीत बरार ने दो विकेट अपने नाम किए। संदीप और अभिषेक को एक-एक विकेट मिला।

Created On :   21 Nov 2019 2:00 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story