देश भर में गर्मी से हाल बेहाल, कई राज्यों में पारा 44 के पार, लू का अलर्ट जारी

देश भर में गर्मी से हाल बेहाल, कई राज्यों में पारा 44 के पार, लू का अलर्ट जारी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में गर्मी से हाल बेहाल हैं। कई राज्यों में पारा 44 के पार चल रहा है। तापमान बढ़ने के साथ-साथ राज्यों में लू का प्रकोप भी जारी है। चढ़ते पारे और लू को देखते हुए कई राज्यों में अलर्ट भी जारी किया गया है। दक्षिण भारत तो गर्मी से बेहाल है ही उत्तरभारत में भी पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश में गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो आने वाले दिनों में पारा 3 से 4 डिग्री और चढ़ सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मध्यप्रदेश और यूपी के कई जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री के बीच चल रहा है। इन राज्यों के कुछ जिलों में पारा 46 डिग्री भी पार कर गया है। राजस्थान की बात करें तो वहां हालत और खराब है। राजस्थान के बूंदी में तापमान 48 डिग्री तक पहुंच गया है। देश की राजधानी दिल्ली भी गर्मी से हलाकान है। दिल्ली में बुधवार का तापमान 45.2 डिग्री मापा गया है। वहीं हरियाणा के हिसार में भी पारा 45 पार बना हुआ है।

मौसम विभाग के मुताबिक 25 मई के बाद देश के कुछ हिस्सो में पारा 48 डिग्री भी पार कर सकता है। मौसम विभाग ने 27 मई के बाद दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में भीषण गर्मी के साथ ही लू चलने की भी चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि इस साल उत्तर भारत पिछले सालों के मुकाबले ज्यादा तपेगा। बताया जा रहा है कि उत्तर भारत में इस साल सामान्य के मुकाबले एक डिग्री तापमान अधिक रहेगा।

तेज गर्मी में झुलस रहा मध्यप्रदेश
मध्यप्रदेश में इस साल पिछले सालों की तुलना में भयंकर गर्मी पड़ रही है। राजधानी भोपाल में बुधवार का दिन इस साल का सबसे गर्म दिन रहा, जहां पारा 44.4 डिग्री पर पहुंच गया। आने वाले दिनों में यह पारा 45 पार जाने की भी बात कही जा रही है। राज्य के अन्य हिस्सों में हाल और भी बुरे हैं। राज्य में सबसे अधिक तापमान छतरपुर जिले के नौगांव में 47 डिग्री दर्ज किया गया। इसके बाद श्योपुरकलां में 46.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके साथ ही खंडवा, खरगोन, शाजापुर, गुना, राजगढ़, ग्वालियर, दमोह, छतरपुर, सतना, शिवपुरी और टीकमगढ़ जिलों में भी तापमान 44 पार है और लू के थपेड़ों के चलते लोग घरों में दुबके रहने को मजबूर हैं।

Created On :   24 May 2018 12:13 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story