झुलस रहा विदर्भ : चंद्रपुर का तापमान पहुंचा 47 के पार

Temperature of Chandrapur crosses 47, Summer scorching peoples
झुलस रहा विदर्भ : चंद्रपुर का तापमान पहुंचा 47 के पार
झुलस रहा विदर्भ : चंद्रपुर का तापमान पहुंचा 47 के पार

डिजिटल डेस्क,चंद्रपुर। नौतपा के पहले ही विदर्भ में गर्मी लोगों को झुलसा रही है। भीषण गर्मी के लिए पहचाने जानेवाले चंद्रपुर का तापमान शुक्रवार को भी सुबह से ही बढ़ा हुआ रहा। गुरुवार को चंद्रपुर का तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो देश ही नहीं विश्व में सर्वाधिक तापमान वाले शहरों में टॉप पर था। यह इस वर्ष का सर्वाधिक तापमान बताया जाता है। विदर्भ की बात करें तो अकोला का तापमान 44.8 डि.से., अमरावती 44.8, बुलढाणा 41.5, ब्रह्मपुरी 46.7, गड़चिरोली 43.2 डि.से., गोंदिया 42.4, नागपुर 44.7, वर्धा 45.5, वाशिम 43.0 और यवतमाल का तापमान 44.0 डि.से. दर्ज किया गया।

बता दें कि चंद्रपुर में पिछले कुछ दिनों से दोपहर में भीषण गर्मी और शाम व रात को तूफान के साथ बारिश हो रही थी जिससे वातावरण में नमी आ गई।  गुरुवार को तापमान में अचानक बढ़त आई और चंद्रपुर का तापमान 47.6 डि.से. रिकार्ड किया गया। शाम को उमस से लोग हलाकान होते रहे। 

उपराजधानी में भी तापमान में उछाल
नागपुर में  गुरुवार को  1.5 डिग्री सेल्सियस का उछाल दर्ज किया गया है। पूरा विदर्भ लू की चपेट में बना हुआ है और इससे राहत के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम जानकारों के अनुसार उपराजधानी में आगामी एक-दो दिन में करीब 1 डिग्री का उछाल और दर्ज किया जा सकता है। उपराजधानी में सुबह से ही पारा अपने उफान पर था। तीखी धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को रोक रखा था। सड़कें सुबह से ही खाली नजर आ रही थीं। कूलर ने तो 11 बजते-बजते ही जवाब दे दिया।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश पर एक चक्रवाती चक्र बना हुआ है। हरियाणा से मराठवाड़ा तक इस चक्रवाती चक्र के मध्य से द्रोणिका खिंची हुई है। इसके चलते पारा ऊपर की ओर ही खिंचा रहेगा। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री ऊपर रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री नीचे 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता अधिकतम 41 तथा न्यूनतम 21 प्रतिशत रही। 

Created On :   18 May 2018 8:35 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story