शराबी पति ने खाना बना रही पत्नी को कराया अग्नि स्नान ,  हालत गंभीर 

The drunk husband poured kerosene on wife and set her fire
शराबी पति ने खाना बना रही पत्नी को कराया अग्नि स्नान ,  हालत गंभीर 
शराबी पति ने खाना बना रही पत्नी को कराया अग्नि स्नान ,  हालत गंभीर 

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र में आने वाले ग्राम मड़वा पिपरिया में घरेलू विवाद के चलते नशे में धुत पति ने पत्नी के ऊपर कैरोसीन उड़ेलकर आग लगा दी। आग से गंभीर रूप से झुलसी महिला को इलाज के लिए पाटन अस्पताल ले जाया गया, वहां से उसे मेडिकल रेफर किया गया। मेडिकल में महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। उधर घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। 

सूत्रों के अनुसार ग्राम मड़वा पिपरिया निवासी रम्मू उर्फ रामनारायण गोंड़ की पत्नी रागिनी  बीती रात खाना बनाने के बाद घर का काम कर रही थी। उसी दौरान पति रम्मू  शराब के नशे में घर पहुँचा था। दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। झगड़ा बढ़ने पर पति ने कमरे में रखी मिट्टी तेल की कुप्पी उठाई और पत्नी के ऊपर उड़ेल कर आग लगा दी। आग लगते ही पत्नी ने मदद की गुहार लगाई और घर से बाहर की ओर भागी और बाहर आकर गिर पड़ी। इसी बीच आसपास रहने वाले लोगों ने अग्निदग्धा की मदद करते हुए उसे तत्काल पाटन अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल रेफर कर दिया गया। इस घटना की सूचना पाकर पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और नशे में धुत आरोपी पति को हिरासत में   लिया गया।

दहेज के लिए पत्नी को यातना 

कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला को दहेज के लिए प्रताडि़त कर यातना दिए जाने की शिकायत पर दहेज लोभी ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सूत्रों के अनुसार खटीक मोहल्ला निवासी डॉली पटैल ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसका विवाह बनखेड़ी निवासी हेमंत पटैल के साथ हुआ था। शादी के बाद दहेज कम मिलने का उलाहना देकर पति, सास व ससुर दहेज में 40 हजार रुपये की मांग कर उसे प्रताड़ित कर रहे थे। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास व ससुर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 

पति के खिलाफ मामला दर्ज 

कटंगी थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला ने पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की रिपोर्ट दर्ज कराई। सूत्रोंं के अनुसार कटंगी निवासी सपना जैन ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि ससुराल वाले उसे दहेज की मांग कर प्रताड़ित करते हैं। प्रताड़ना से तंग आकर महिला थाने पहुँची और पति कपूर जैन व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया।

Created On :   21 Aug 2019 9:04 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story