RSS पर प्रकाश आंबेडकर का निशाना, ‘खेल तुमने शुरू किया है, खत्म मैं करूंगा’

There is a conspiracy of looting from the side of government-Ambedkar
RSS पर प्रकाश आंबेडकर का निशाना, ‘खेल तुमने शुरू किया है, खत्म मैं करूंगा’
RSS पर प्रकाश आंबेडकर का निशाना, ‘खेल तुमने शुरू किया है, खत्म मैं करूंगा’

डिजिटल डेस्क, नागपुर। RSS पर साजिशें रचने का आरोप लगाते हुए भारिप बहुजन महासंघ के नेता प्रकाश आंबेडकर ने कहा है कि, वे RSSके विरोध में सबूत जुटा रहे हैं। सरकार की ओर से भी लूट की साजिशें रची जा रही हैं। सत्त्ता में बदलाव हाेगा और जैसे को वैसा जवाब मिलेगा। उन्होंने RSS पर तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि, खेल तुमने शुरू किया है, खत्म मैं करुंगा।  कस्तूरचंद पार्क में वंचित बहुजन आघाड़ी का अर्थव्यवस्था अधिवेशन हुआ। एआईएमआईएम सहित अन्य संगठनों के संयुक्त प्रयास से आयोजित अधिवेशन में पूर्व विदर्भ से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए थे। एआईएमआईएम के विधायक इम्तियाज जलील व वारिस पठान भी थे। इसी कार्यक्रम में श्री आंबेडकर बोल रहे थे। एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाए। 

नहीं पहुंचे ओवैसी
आंबेडकर ने कहा कि, तबीयत ठीक नहीं होने के कारण ओवैसी नहीं पहुंच पाए। आेवैसी के इंतजार में सभा लंबी खिंचती गई। दोपहर 3 बजे से सभा आरंभ हुई। प्रधानमंत्री मोदी की हत्या की साजिश रचने के आरोप में पुणे में पुलिस ने कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था। साजिश के संबंध में पत्र का उल्लेख भी सरकार की ओर से किया गया था। उस मामले का जिक्र करते हुए श्री आंबेडकर ने कहा कि, प्रधानमंत्री की हत्या की साजिश का मामला तो आरएसएस ने गढ़ा था। मुझे भी फंसाने का प्रयास किया गया। आरएसएस अपने विरोधियों को फंसाने का काम करता है। वह कानून और संविधान को नहीं मानता है। संगठन का पंजीयन भी नहीं कराता है। सामान्य व्यक्ति पर शस्त्र रखने के प्रकरण दर्ज होते हैं। सरसंघचालक शस्त्रपूजन करते हैं। उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।  

इन केसों पर उठ रहे सवाल
हीरेन पांड्या को कार में गोली कैसे लगी, सवाल बना हुआ है। शहाबुद्दीन मामले में जो प्रमाण वायरल हो रहे हैं वे भी सवाल खड़े कर रहे हैं। मुंबई बम ब्लास्ट  के मामले में हेमंत करकरे को गोली मारने सहित सारे मामलों के सबूत जुटाए जा रहे हैं। श्री आंबेडकर ने यह भी कहा कि, आरएसएस ने आरबीआई के गवर्नर पद पर इतिहास की डिग्री वाले अधिकारी को जानबूझकर बिठाया है। हर क्षेत्र का निजीकरण किया जा रहा है। आरबीआई के गवर्नर को भारतीय मुद्रा का स्वामित्व दिया गया है। प्रधानमंत्री ने उर्जित पटेल से 3.50 लाख करोड़ सरकार के लिए मांगे थे। मांग नहीं मानते हुए गवर्नर पद छोड़ दिया। नक्सल प्रभाव के क्षेत्रों में खनिज संपदा की भरमार है। खनिज संपदा लूटने के लिए सरकार ने सलवा जुड़ूम के बहाने आदिवासियों में टकराव की स्थिति बनाने का प्रयास किया था। 

कांग्रेस की भूमिका दो मुंही
प्रकाश आंबेडकर ने यह भी कहा कि, कांग्रेस दोमुंही भूमिका अपना रही है। एआईएमआइएम के बिना कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं किया जा सकता है। अशोक चव्हाण गठबंधन के संबंध में बात करते रहे हैं, पर उनकी पार्टी के केंद्रीय स्तर के नेता बात नहीं कर रहे हैं। 

मुस्लिमों को आरक्षण देने पर प्रमुख दल तैयार नहीं
वारिस पठान ने कहा, राज्य में तेलंगाना के समान तीसरा मोर्चा तैयार किया जा सकता है। मुस्लिमों को आरक्षण देने के मामले में कांग्रेस, राकांपा से लेकर भाजपा व शिवसेना तैयार ही नहीं है। शिवसेना का भाजपा व मोदी विरोध दिखावा है। वह सत्ता नहीं छोड सकती है। ओवेसी के नाम से कुछ नेताओं की राजनीति चमकती है।   प्रदेश महासचिव गुणवंत देवपारे ने कहा कि, प्रकाश आंबेडकर ने नागपुर से लोकसभा चुनाव लड़ना चाहिए। आंबेडकर के साथ उनकी पत्नी व पुत्र भी सभा मंच पर थे। कार्यक्रम में बसपा की पूर्व नगरसेविका  व गायिका किरण पाटणकर ने भारिप बहुजन महासंघ में प्रवेश लिया। सम्मेलन में अंजलि आंबेडकर, अशोक सोनोने, सागर डबरासे, रवि शेंडे, गुणवंत देवपारे, विजय मोरे सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे। धनगर, हलबा, पारधी, आदिवासी व अन्य कई समाज के प्रतिनिधियों ने भी सभा को संबोधित किया। 

Created On :   14 Dec 2018 9:49 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story