फूल तोड़ने गई महिलाओं पर बाघ ने किया हमला, 1 की मौत , तीन घायल

Tiger attacks women during flower plucking, 1 killed, three injured
फूल तोड़ने गई महिलाओं पर बाघ ने किया हमला, 1 की मौत , तीन घायल
फूल तोड़ने गई महिलाओं पर बाघ ने किया हमला, 1 की मौत , तीन घायल

डिजिटल डेस्क, चिमूर (चंद्रपुर) । जंगल में फूल तोड़ने गईं  महिलाओं पर बाघ ने हमला कर दिया। घटना में एक महिला की मृत्यु हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रुप से घायल हो गई। वहीं दो महिलाएं घबराकर गश खाकर गिर पड़ीं। जिसमें वे चोटिल हुई हैं।  मृत महिला का नाम महादवाड़ी निवासी देवांगना देवीदास निकेसर (35) बताया जाता है।

गांव की ओर लौटते समय किया हमला
जानकारी के अनुसार महादवाड़ी निवासी कुछ महिलाएं कुड्या नामक जंगली फूल तोड़ने के लिए गांव के समीप महादवाड़ी के जंगल में गई थीं। फूल तोड़ने के बाद गांव लौटते वक्त बाघ ने पार्वता राघोजी लेनगुरे (50) पर हमला किया। इसके बाद अन्य महिलाओं पर उसने हमला करने की कोशिश की, इस दौरान नीचे गिर पड़ी देवांगना निकेसर की बाघ ने गर्दन पकड़ ली। यह देखकर अन्य महिलाएं अपनी जान बचाने के चक्कर में इधर-उधर भाग गईं और मदद के लिए चीखने-चिल्लाने लगीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर समीपस्थ खेत में मौजूद  महिलाएं मदद के लिए वहां आ पहुंचीं। महिलाओं की आवाज सुनकर से बाघ जंगल की ओर भाग गया।

इस हमले में देवांगना की जान चली गई और पार्वता गंभीर रूप से घायल हो गई। आशा देवीदास गुरगुले व शीतल सुखदेव गुरनुले भयानक दृश्य देखकर बेहोश हो गईं। जिसमें उन्हें मामूली चोटें आई हैं। उनका चिमूर उपजिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही तलोधी (बालापुर) वन परिक्षेत्र की वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रणाली सोनटक्के व चिमूर क्षेत्र के वन परिक्षेत्र अधिकारी बी.पी. चिवंडे वन कर्मचारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही जिप सदस्य गजानन बुटके और जिप गटनेता डा. सतीश वारजुकर अस्पताल पहुंचे और घायलों से भेंट कर वनाधिकारियों को उचित निर्देश दिए।  पंचनामा कर वन विभाग की ओर से मृतक के परिवार को 25 हजार रुपए की मदद दी गई। इस  वक्त वनपरिक्षेत्र अधिकारी सोनटक्के, चिमूर वन परिक्षेत्र अधिकारी भाविक चिवंडे, वनपाल खोब्रागड़े, जिप सदस्य गजानन बुटके, पुलिस उपविभागीय अधिकारी प्रशांत परदेशी, थानेदार दिनेश लबड़े और डांगे उपस्थित थे। 

 

Created On :   11 Jun 2018 8:36 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story