MP: मुरैना में ट्रैक्टर ने जीप को मारी टक्कर, 12 की मौत, 6 घायल

MP: मुरैना में ट्रैक्टर ने जीप को मारी टक्कर, 12 की मौत, 6 घायल

डिजिटल डेस्क, मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना में एक भीषण सड़क हादसे में एक दर्जन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। दरअसल गुरुवार सुबह मुरैना में एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने टीप को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही 12 लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि 6 लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा मध्य प्रदेश में दो अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हुई है। गुरुवार को प्रदेश में 15 लोगों की मौत हुई।
 

 

 

अवैध रेत का परिवहन कर रहे ट्रैक्टर ने मारी टक्कर 
 

घटना स्टेशन रोड थाना इलाके के गंजरामपुर की है। यहां गुरुवार सुबह गंज रामपुर इलाके से गुजर रहे ट्रैक्टर ने सामने से आ रही जीप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जीप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर ही 12 लोगों की मौत हो गई। 6 लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जीप के पार्टस को काटकर लोगों के शव निकाले। जानकारी के मुताबिक ट्रैक्टर अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहा था। फिलहाल घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

 


हादसे में सामने आई लापरवाही

मुरैना हादसे में आरटीओ और पुलिस की बड़ी लापरवाही भी सामने आई है। जानकारी के मुताबिक तूफान गाड़ी में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे। जीप में 11 लोगों के बैठने की क्षमता है, लेकिन 20 लोग सवार थे। गाड़ी का इंश्योरेंस भी 1 सिंतबर 2014 में खत्म हो चुका था। जीप में सवार लोग ग्‍वालियर से घुरघाना की तरफ जा रहे थे। 

 

सीएम शिवराज ने ट्वीट कर जताया दुख

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुरैना हादसे पर दुख जताया है। सीएम ने ट्वीट कर सड़क हादसे में हताहत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की है।

 


 

घायलों का हाल जानने पहुंचे रुस्तम सिंह

मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री रुस्तम सिंह भी घायलों का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे। ऐसा कहा जा रहा है कि ट्रैक्टर ट्रॉली तेज रफ्तार में थी जिसकी वजह से हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। 

 

अन्य दो हादसों में तीन की मौत। 

इसके आलावा गुरुवार को मध्य प्रदेश में दो और हादसे हुए हैं जिनमें तीन लोगों की मौत हुई है। कटनी में तेज रफ्तार ट्रक ने दूध वाहन को टक्कर मार दी। जिसमें  एक व्यक्ति की मौत हो गई वहीं दो लोग घायल हो गए। शाजापुर में भी एक ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला-पुरुष की मौत हो गई।

 

Created On :   21 Jun 2018 4:43 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story