अवैध सवारी ढोने वालों की शामत, ट्रैफिक पुलिस ने 363 पर की कार्रवाई

Traffic police took action against 363 rule breakers in Nagpur
अवैध सवारी ढोने वालों की शामत, ट्रैफिक पुलिस ने 363 पर की कार्रवाई
अवैध सवारी ढोने वालों की शामत, ट्रैफिक पुलिस ने 363 पर की कार्रवाई

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बेखौफ होकर वाहन चलाकर यातायात नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ एक बार फिर ट्रैफिक विभाग ने कमर कस ली है। इस बार विशेष निशाने पर वे वाहन हैं, जो अवैध सवारी ढोने में लगे रहते हैं। विभाग ने आकस्मिक अभियान शुरू किया गया है। इसके लिए विशेष उड़नदस्ते तैयार किए गए हैं। विभाग ने अब तक इस अभियान के तहत 363 वाहन चालकों पर कार्रवाई की है। 

क्षमता से अधिक सवारी दिखते ही कार्रवाई
अवैध सवारी ढोने वाले वाहनों के लाइसेंस रद्द करने के लिए यातायात पुलिस विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। अवैध सवारी ढोने वाले वाहन चालकों से आह्वान किया गया है  कि वह क्षमता से अधिक सवारी अपने वाहनों में न लादें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकाें के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उनके और वाहनों के लाइसेंस रद्द कर दिए जाएंगे। 

सार्वजनिक स्थानों पर पैनी नजर
शहर पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत यातायात पुलिस विभाग की आेर से यातायात पुलिस विभाग के उपायुक्त गजानन राजमाने के आदेश पर शहर में सार्वजनिक जगहों पर  खड़े रहने वाले ऑटो चालक, जीप, ओमनी कार, निजी ट्रैवल्स बसों के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी है। यह सभी अवैध सवारी ढोने के चक्कर में यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। नागरिकों के लिए यह कभी भी खतरनाक साबित हो सकते हैं।  

बचने के रास्ते निकालते हैं
शहर में अवैध सवारी ढोने वाले वाहनों की भरमार है। शहर के बाहर निकलते ही यह वाहन फर्राटे भरते नजर आते हैं। सवारी बैठाने के लिए शहर में कहीं पर बेतरतीब ढंग से वाहनों को खड़ा कर देने वाले ऐसे वाहन चालकों पर शिकंजा कसने के लिए यातायात पुलिस विभाग ने उड़नदस्ते तैयार किए हैं, पर ऐसे वाहन चालक ज्यादा चालाक साबित हो रहे हैं।  

यातायात नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं 
शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वाहन चालकों को इसका पालन करना ही चाहिए। कोई भी वाहन के अंदर क्षमता से अधिक सवारी मिलने पर यातायात पुलिस विभाग के उड़नदस्ते कार्रवाई करेंगे। क्षमता से अधिक सवारी ढोने वाले वाहनों और उनके चालकांे का लाइसेंस रद्द किया जाएगा। कुछ वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस विभाग लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई जल्द शुरू करेगा। 
- गजानन राजमाने, उपायुक्त, यातायात पुलिस विभाग नागपुर शहर 
 

Created On :   18 April 2019 8:41 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story