मुंबई में नशे की खेप पहुंचाने आए तेलंगाना के दो आरोपी गिरफ्तार

Two accused arrested, who smuggling Drug consignment
मुंबई में नशे की खेप पहुंचाने आए तेलंगाना के दो आरोपी गिरफ्तार
मुंबई में नशे की खेप पहुंचाने आए तेलंगाना के दो आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महानगर में गांजे की खेप पहुंचाने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुंबई पुलिस के एंटी नार्कोटिक्स सेल (एएनसी) ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छानबीन में खुलासा हुआ है कि आरोपी पिछले कुछ सालों में मुंबई और आसपास के इलाकों में 10 हजार किलो गांजा पहुंचा चुके हैं, जिसकी कीमत 20 करोड़ रुपए से भी ज्यादा है।

पुलिस से बचने के लिए तेलंगाना के रहने वाले आरोपी हैदराबाद में रह कर नशे का कारोबार करते थे और पहली बार गांजे की खेप पहुंचाने मुंबई आए थे। एएनसी की घाटकोपर यूनिट के आरोपियों के बारे में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद इंस्पेक्टर शशांक शेलके की अगुआई में जाल बिछाकर मुंबई के मानखुर्द इलाके से गंगम रेड्डी और मधु वेंकटेश्वरलु नाम के आरोपियों को दबोचा।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से पुलिस ने 180 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी बाजार में कीमत 36 लाख रुपए से ज्यादा है। आरोपी जिस कार से आए थे उसे भी जब्त कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस कानून की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।

डीसीपी शिवदीप लांडे ने बताया कि आरोपी विशाखापटट्नम से गांजा लाते थे और जिन्हें गांजा खरीदना होता था उन्हें हैदराबाद जाकर उसे लेना पड़ता था। आरोपी पहली बार हैदराबाद के बाहर गांजा पहुंचाने निकले थे, लेकिन खबरियों को जरिए पुलिस को इसकी भनक लग गई और आरोपियों को दबोच लिया गया।

कोकीन तस्करी के आरोप में विदेशी महिला गिरफ्तार
नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में ओशिवारा पुलिस ने एक 25 वर्षीय नाइजीरियाई महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम एडेन रेले है। शनिवार रात पुलिस ने रेले को 7.8 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया, जिसकी कीमत 5 लाख 68 हजार रुपए है।

कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। छानबीन में पता चला है कि रेले साल 2018 में टूरिस्ट वीजा पर भारत आई थी, इसके बाद वह वापस नहीं गई और अंधेरी के लोखंडवाला इलाके में रहने लगी थी। रेले के पास कोकीन कहां से आई और वह उसे किन लोगों तक पहुंचाने की कोशिश कर रही है थी पुलिस इसकी छानबीन कर रही है।

 

 

 

 

 

Created On :   7 July 2019 6:18 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story