एक भारत श्रेष्ठ भारत उपक्रम के तहत पहल, कजरी महोत्सव में उत्तर प्रदेश सरकार देगी सहयोग

UP govt will help the Ek Bharat Shreshth Bharat initiative in kajri mahotsav
एक भारत श्रेष्ठ भारत उपक्रम के तहत पहल, कजरी महोत्सव में उत्तर प्रदेश सरकार देगी सहयोग
एक भारत श्रेष्ठ भारत उपक्रम के तहत पहल, कजरी महोत्सव में उत्तर प्रदेश सरकार देगी सहयोग

डिजिटल डेस्क, मुंबई। एक अगस्त से मुंबई में होने वाले कजरी महोत्सव में उत्तर प्रदेश सरकार भी सहयोग देगी। यह पहली बार है कि जब उत्तर प्रदेश सरकार मुंबई में होने वाले कजरी महोत्सव में सक्रिय सहयोग करेगी। महानगर में कजरी के कार्यक्रमों की श्रृंखला का आयोजन करने वाली सामाजिक व सांस्कृतिक संस्था अभियान इस साल 1 से 15 अगस्त तक सावन महोत्सव और स्त्री शक्ति सम्मान कार्यक्रम का आयोजन करेगी।

दरअसल केंद्र सरकार के एक भारत श्रेष्ठ भारत उपक्रम के तहत उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र सरकारों के बीच सांस्कृतिक आदान प्रदान का अनुबंध हुआ है। इसी के तहत हाल ही में दोनों सरकारों ने मिलकर उत्तर प्रदेश में महाराष्ट्र दिवस का भव्य आयोजन किया था। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश के कलाकार सावन महोत्सव के जरिए लोक संस्कृति और लोककला की छंटा मुंबई में बिखेरेंगे।

मुंबई भाजपा के महामंत्री और अभियान के संस्थापक अमरजीत मिश्र ने समारोह में सहयोग देने की अपील करते हुए उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी से उनके लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर मुलाकात की। इस दौरान चौधरी ने उत्तर प्रदेश के सांस्कृति मंत्रालय की ओर से सकारात्मक सहयोग का ठोस आश्वासन दिया। बता दें कि पिछले साल हुए कजरी महोत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी शिरकत की थी। अभियान पिछले 14 सालों से महानगर में एक पखवाड़े तक सावन महोत्सव का आयोजन करती आ रही है।
 

Created On :   14 July 2018 7:22 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story