अमेरिका : 24 घंटे में दो जगहों पर हुई गोलाबारी, अब तक 29 लोगों की मौत

अमेरिका : 24 घंटे में दो जगहों पर हुई गोलाबारी, अब तक 29 लोगों की मौत
हाईलाइट
  • गोलीबारी की दोनों घटनाएं 24 घंटे से कम समय में घटित हुई हैं
  • अमेरिका के टेक्सास व ओहियो में दो अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं में 29 लोगों की मौत हो गई और 40 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं

वाशिंगटन, आईएएनएस। अमेरिका के टेक्सास व ओहियो में दो अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं में 29 लोगों की मौत हो गई और 40 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, गोलीबारी की दोनों घटनाएं 24 घंटे से कम समय में घटित हुई हैं। ओहियो राज्य में डेटन सिटी के ओरेगॉव इलाके में नेड पेपर्स बार के निकट रविवार को हुई भारी गोलीबारी में अपराधी सहित 9 लोगों की मौत हो गई और 16 अन्य लोग घायल हो गए।

ओहियो की घटना टेक्सास के एल पासो सिटी में हुई भारी गोलीबारी के बाद हुई। टेक्सास की शनिवार को हुई घटना में 20 लोगों की मौत हो गई और 26 अन्य घायल हैं। डेटन पुलिस विभाग के अनुसार, ओहियो घटना की पहली कॉल स्थानीय समयानुसार एक बजे आई। यह गोलीबारी डेटन सिटी के ओरेगॉव इलाके में नेड पैपर्स बार के बाहर हुई।

बीबीसी ने डेटन पुलिस डिपार्टमेंट के एक ट्वीट के हवाले से कहा, जब यह गोलीबारी शुरू हुई तो हमारे अधिकारी आसपास थे और उन्होंने कार्रवाई करते हुए इसे जल्द ही समाप्त कर दिया। सहायक पुलिस प्रमुख मैट कार्पर ने मीडिया से कहा कि गश्त पर रहे अधिकारी शूटर को मारने में कामयाब रहे। शूटर की अभी शिनाख्त की जानी है।

उन्होंने कहा, हमारे लोग इस तरह की स्थिति को संभालने के लिए भलीभांति प्रशिक्षित हैं। उन्होंने कहा, यह बहुत सौभाग्य की बात रही कि अधिकारी आसपास थे। कार्पर ने कहा कि शूटर के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि उसके बारे में पता लगाने का काम जारी है। पुलिस का मानना है कि संदिग्ध ने अकेले घटना को अंजाम दिया और समुदाय के लिए कोई खतरा नहीं है।

सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए फुटेज में लोग भागते दिखाई दे रहे हैं और सड़कों पर गोलीबारी की आवाज सुनाई दे रही है। इसमें यह भी दिख रहा है कि कई शव जमीन पर हैं और सफेद चादर से ढके हैं। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, नेड पेपर्स के इंस्टाग्राम पेज पर एक नोट में कहा गया कि घटना के बाद स्टाफ सुरक्षित हैं। टेक्सास में हमला एल पासो शहर में शनिवार को सिएलो विस्टा मॉल के करीब वालमार्ट स्टोर में हुआ। यह जगह अमेरिका-मेक्सिको सीमा के करीब है।

संदिग्ध पैट्रिक क्रूसियस (21) पुलिस की हिरासत में है। एल पासो पुलिस प्रमुख ग्रेग एलेन ने कहा कि हमले के समय वालमार्ट पूरी तरह से खरीददारों से भरा था। पीड़ितों की अभी पहचान की जानी है। एलेन ने मीडिया से कहा कि दुखद घटना का कारण नफरत हो सकती है। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, एल पासो पुलिस व एफबीआई इस बात की जांच कर रही है कि एक गुमनाम श्वेत राष्ट्रवादी घोषणा पत्र बंदूकधारी द्वारा लिखा गया है या नहीं। इस घोषणा पत्र को ऑनलाइन फोरम पर साझा किया गया है।

 

Created On :   4 Aug 2019 2:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story