वास्तु शास्त्र : घर में करें ऐसे काम, तो होगी नकारात्मक ऊर्जा नष्ट

Vastu Shastra : Vastu Shastra Tips For Your Main Home Entrance
वास्तु शास्त्र : घर में करें ऐसे काम, तो होगी नकारात्मक ऊर्जा नष्ट
वास्तु शास्त्र : घर में करें ऐसे काम, तो होगी नकारात्मक ऊर्जा नष्ट

डिजिटल डेस्क, भोपाल। वास्तु शास्त्र हमें घर की दिशाओं और घर के भीतर की वस्तुओं के नकारात्म्क एवं सकारात्मक प्रभाव के बारे में समझाता है। कौन सी दिशा, कौन सी वस्तु, घर के सदस्यों को किस रूप में प्रभावित करती है, यह जानकारी हम वास्तु शास्त्र द्वारा प्राप्त कर सकते हैं। किसी भी घर में प्रवेश द्वार का विशेष महत्व होता है। प्रवेश द्वार की स्थिति वास्तु सम्मत होती है तो उसमें रहने वालों का स्वास्थ्य, समृद्धि सबकुठ ठीक रहता है और अगर गलत हो तो कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए वास्तु का ख्याल रखकर जीवन में सुख-समृद्धि लाई जा सकती है। आज हम आपको ऐसे ही कुछ काम बताएंगे जिनको करने से घर की नकारात्मक ऊर्जा नष्ट होगी और सकारात्मक ऊर्जा घर में प्रवेश करेगी। 
 


वास्तु के अनुसार किस दिशा में हो प्रवेश द्वार 

वास्तु शास्त्र के अनुसार घर का प्रवेश द्वार बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यह वो स्थान है जहां से घर के भीतर सकारात्मक और नकारात्मक ऊर्जाओं का प्रवेश होता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार प्रवेश द्वार घर की उत्तर दिशा में होता है, तो घर में सकारात्मक ऊर्जा आती है। प्रवेश द्वार कभी भी दक्षिण दिशा में नहीं होना चाहिए। वास्तु के अनुसार दक्षिण दिशा नर्क की दिशा होती है और इस दिशा में बना मुख्य द्वार घर के मुखिया के लिए नर्क के द्वार खोल देता है। 
 


वास्तु के हिसाब से क्या लगाएं प्रवेश द्वार पर ? 

शुभ फल प्राप्ति के लिए प्रवेश द्वार के ऊपर कई ऐसी चीजें लगाई जाती हैं जिनसे घर में सकारात्मक ऊर्जा प्रवेश करती है। वास्तु की दृष्टि से यदि प्रवेश द्वार पर शुभ वस्तुएं लगाई जाएं, तो यह घर में सुख समृद्धि आती है। तो चलिए जानते हैं क्या हैं वे वस्तुएं, जिन्हें घर के मुख्य द्वार पर सजाने से देवी-देवताओं का आशीर्वाद बना रहता है।
 


कांच का बर्तन

घर के प्रवेश द्वार के पास पानी से भरा कांच का बर्तन रखें जिसमें खशबू वाले ताजे फूल रखें। इससे घर में सकारात्मकता आएगी। आपको मार्केट में कांच के फ्लावर पॉट आसानी से मिल जाएंगे। इनमें खुशबूदार फूल रखकर आप प्रवेश द्वार पर सजा सकते हैं। 
 


 

माला 

घर में सकारात्मक ऊर्जा आए, इसके लिए स्वयं अपने हाथों से एक माला बनाकर प्रवेश द्वार पर बांध दें। यह माला पीपल, आम या अशोक के पत्तों की होनी चाहिए। वास्तु की दृष्टि में ये तीनों प्रकार के पत्ते नकारात्मकता को दूर करने में सहायक होते हैं। 
 


देवी लक्ष्मी 

बहुत से लोग घर के प्रवेश द्वार पर लक्ष्मी-कुबेर की तस्वीर लगाते हैं। वास्तु के अनुसार ऐसा करने से धन लाभ होता है। 
 


लक्ष्मी जी के पैर 

लक्ष्मी जी की तस्वीर के अलावा प्रवेश द्वार पर लक्ष्मी जी के पैर सिंदूर से बनाएं। इससे घर में समृद्धि आती हैं। 
 


शुभ-लाभ 

लक्ष्मी जी के पैस के साथ सिंदूर से द्वार के दोनों ओर ‘शुभ लाभ’ भी लिखें। इससे घर बुरी नजरों से बचा रहता है और रोग कम होते हैं। 
 


स्वास्तिक 

प्रवेश द्वार पर सिंदूर से स्वास्तिक बनाने से घर में सौभाग्य और समृद्धि आती है। इन शुभ चिह्नों को सिंदूर से बनाना ही शुभ फल देता है। 
 


प्रवेश द्वार से संबंधित कुछ खास बातें 

अपने घर के मुख्य दरवाजे को अन्य दरवाजों से बड़ा रखना चाहिए। यह दरवाजा दोनों तरफ खुलने वाला होना चाहिए। ऐसा कहा जाता है कि दरवाजे का दोनों तरफ क्लॉकवाइज में खुलना बेहद शुभ होता है। इसके अलावा घर के मुख्य द्वार के लिए इस्तेमाल की गई लकड़ी अच्छी क्वालिटी की हो, इसका भी ध्यान रखें। खराब क्वालिटी की लकड़ी से घर का वास्तु बिगड़ सकता है। घर के दरवाजे जब खोले जाएं तो उसमें आवाज ना हो। ये आवाज घर में नकारात्मकता लाती है। दरवाजों से आवाज आने की स्थिति में उन्हें जल्द से जल्द ठीक कराएं। प्रवेश द्वार पर हमेशा अच्छी रोशनी होनी चाहिए। इससे लोग आपके घर के प्रवेश द्वार को अच्छे से देख सकते हैं। इसलिए अपने प्रवेश द्वार पर कुछ चमकदार रोशनी लगाना चाहिए। अपने घर के प्रवेश द्वार पर सुन्दर नेम प्लेट लगाएं। इससे घर में सकारात्मकता आती है। 

Created On :   2 May 2018 5:09 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story