विंजेंदर सिंह का ममता सरकार से आग्रह- बढ़ा दीजिए स्वपना बर्मन की इनामी राशि

विंजेंदर सिंह का ममता सरकार से आग्रह- बढ़ा दीजिए स्वपना बर्मन की इनामी राशि
हाईलाइट
  • ममता सरकार ने एशियन गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट स्वपना को दिया है 10 लाख का इनाम।
  • विजेंदर सिंह ने ममता बनर्जी से किया स्वपना की इनामी राशि बढ़ाने का निवेदन।
  • स्वपना बर्मन ने हेप्टाथलॉन में भारत को पहली बार दिलाया था गोल्ड।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने पश्चिम बंगाल सीएम ममता बनर्जी से एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली स्वपना बर्मन की इनामी राशि बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने सोमवार शाम एक ट्वीट कर बंगाल सरकार से निवेदन किया, "प्रिय ममता दीदी कृपया राज्य सरकार की ओर से स्वपना बर्मन को दी जाने वाली इनामी राशि को बढ़ा दीजिए।"


गौरतलब है कि स्वपना बर्मन ने इंडोनेशिया में हुए एशियन गेम्स में हेप्टाथलॉन में भारत को गोल्ड दिलाया था। वे ऐसा करने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी थीं। उनसे पहले हेप्टाथलॉन में भारत को कभी गोल्ड हासिल नहीं हुआ था। उनकी इस उपलब्धि पर पश्चिम बंगाल सरकार ने उन्हें 10 लाख रुपए इनामी राशि प्रदान करने की घोषणा की थी।

दरअसल, अन्य राज्यों में एशियन गेम्स के पदक विजेताओं को 50 लाख से लेकर 3-3 करोड़ तक इनामी राशि बांटी गई है। ऐसे में स्वपना को महज 10 लाख रुपए इनामी राशि देने पर विजेंदर ने बंगाल सरकार से यह अनुरोध किया।

बता दें कि स्वपना बर्मन का जन्म पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में हुआ। उनके पिता एक ऑटोरिक्शा ड्राइवर हैं, वहीं मां चायपत्ती का व्यवसाय कर घर का पालण पोषण करती हैं। 17 साल की उम्र से ही स्वपना अपने घर का खर्चा अपनी इनामी राशि से चला रही हैं। कच्चे मकान में रहने वाली स्वपना अपनी पुरस्कार राशि के जरिए अपने परिवार की देखभाल और खर्चा उठाती हैं। हालांकि वर्तमान में राहुल द्रविड़ एथलीट मेन्टरशिप प्रोग्राम के तहत गोस्पोर्ट्स फाउंडेशन स्वपना को उनकी तैयारियों के लिए सहायता राशी प्रदान कर रहा है।

यूं स्वपना ने जीता था गोल्ड

स्वपना ने हेप्टाथलॉन के लास्ट इवेंट में 808 अंक हासिल कर गोल्ड अपने नाम किया था। इस खेल के सात अलग अलग इवेंट में कुल 6026 अंकों के साथ टॉप पर रहीं थी। बता दें कि हेप्टाथलॉन खेल में सात अलग-अलग इवेंट होते हैं। इसमें 100मी रेस, हाई जंप, शॉटपुट, 200मी रेस, लॉन्ग जंप, जेवलीन थ्रो और 800मी रेस शामिल होती है। इन्हीं के आधार पर पाइंट्स मिलते हैं और रैंकिंग होती है।

स्वपना, हेप्टाथलॉन के पहले इवेंट, 100मी रेस में 981 पाइंट्स के साथ पांचवें स्थान पर रहीं। वहीं 200मी रेस उन्होंने 790 पाइंट्स के साथ सातवें स्थान पर रहते हुए पूरी की। इसके बाद उन्होंने अपने खेल के स्तर को उठाते हुए शॉटपुट इवेंट में 707 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। जबकि हाई जंप (1003 अंक) और जेवलीन थ्रो (872 अंक) में स्वपना ने पहली पोजिशन हासिल की। इसके बाद उन्हें हेप्टाथलॉन के लास्ट इवेंट में अच्छे प्रदर्शन की जरूरत थी। लास्ट इवेंट यानि 800मी रेस में वह चौथे स्थान पर रहीं और कुल अंक के आधार पर स्वपना ने टॉप पर रहकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।

Created On :   3 Sep 2018 5:29 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story