सागर और खुरई में चुनावी हिंसा, भाजपा-कांग्रेस समर्थकों में भिड़त

Violence on the day of voting in sagar and khurai, bjp, congress
सागर और खुरई में चुनावी हिंसा, भाजपा-कांग्रेस समर्थकों में भिड़त
सागर और खुरई में चुनावी हिंसा, भाजपा-कांग्रेस समर्थकों में भिड़त

डिजिटल डेस्क,सागर। सागर लोकसभा सीट के लिए रविवार को हुए मतदान के दौरान खुरई और सागर में कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ताओं में हुए हिंसक विवाद से राजनीति गरमा गई है। हिंसक विवाद में खुरई नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष कमलेश राय तथा सागर नगर निगम के पार्षद सोमेश जड़िया गंभीर रूप से घायल हुए और खुरई में 6 अन्य भाजपाई घायल हुए हैं।

ऐसे हुई विवाद की शुरूआत
सागर नगर के नरयावली नाका वार्ड में सीआर मॉडल स्कूल में स्थापित मतदान केन्द्रों के लिए भाजपा की तरफ से पार्षद सोमेश जड़िया को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। जड़िया इसी वार्ड से पार्षद हैं। वोटिंग के दौरान पार्षद जड़िया मॉडल स्कूल के मेनगेट पर खड़े होकर मतदाताओं को प्रभावित कर रहे थे इस पर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में विवाद हो गया। जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहले पार्षद जड़िया को कई बार समझा किंतु वे नहीं माने। इसी को लेकर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में मारपीट हो गई। मारपीट में पार्षद जड़िया के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं हैं और रक्तरंजित जड़िया को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पार्षद जड़िया का कहना है कि नरयावली नाका पोलिंग बूथ पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रभु सिंह और कांग्रेस कार्यकर्ता आये तो वोटिंग कक्ष के अंदर दाखिल होने लगे और जब रोका तो कांग्रेस नेता मुकुल पुरोहित, मधुर पुरोहित, सुरेन्द्र सुहाने और राम कुमार पचौरी ने उसके साथ मारपीट कर दी और लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया जिसमें उसकी आंख और सिर में चोट आई है। सूचना मिलने पर भाजपा प्रत्याशी राजबहादुर सिंह और भाजपा नेता अस्पताल पहुंचे साथ ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची। इस विवाद के बाद मतदान केन्द्र पर भारी पुलिसबल तैनात किया गया तथा कलेक्टर प्रीति मैथिल ने भी पोलिंग बूथ का निरीक्षण किया। सीएसपी आरडी भारद्वाज ने बताया कि मोतीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। दूसरी तरफ इस विवाद को लेकर कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता मोतीनगर थाने के सामने एकत्रित हो गए हैं स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

गंभीर रूप से घायल हुए कार्यकर्ता
दूसरी बड़ी घटना पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ठाकुर के विधानसभा क्षेत्र खुरई के सहोद्राबाई राय वार्ड के मतदान केन्द्र के पास हुई। जानकारी के अनुसार पूर्व विधायक अरूणोदय चौबे के पुत्र कपि चौबे अपने साथियों के साथ वार्ड में निकले पहले उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता श्रीकांत कौशिक के साथ हाथापाई की इसके बाद खुरई नगर पालिका के पूर्व नगर अध्यक्ष कमलेश राय पर हथियारों से हमला किया, जिसमें राय को राय को गंभीर चोटें आईं हैं। इसके बाद चार और भाजपा कार्यकर्ताओं पर अलग-अलग हमले किए गए, इसमें भी दो कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं। राय को खुरई की अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सागर जिला  चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। इन हिंसक वारदातों की सूचना मिलने पर पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ठाकुर अस्पताल पहुंचे और घायल कमलेश राय को सागर जिला चिकित्सालय लाए।

मतदान प्रक्रिया पर असर नहीं
खुरई के पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि इन विवादों से मतदान प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ा। विवाद मतदान केन्द्र परिसर के बाहर हुए हैं। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।

 

Created On :   12 May 2019 4:46 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story