विराट ने अटकलों पर लगाया विराम, बोले मैं भी करुंगा मतदान

विराट ने अटकलों पर लगाया विराम, बोले मैं भी करुंगा मतदान
हाईलाइट
  • कहा- मैं 12 मई को गुरुग्राम में वोट डालने के लिए तैयार हूं
  • क्या आप भी तैयार हैं
  • विराट ने इंस्टाग्राम पर डाला अपना वोटर आइडी कार्ड

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली के वोट देने को लेकर कई अटकलें लगाई जा रहीं थीं। इन सभी अटकलों पर विराट ने खुद विराम लगाते हुए कहा है कि, वे इस लोकसभा चुनाव में मतदान जरूर करेंगे। इस बात की जानकारी विराट ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर दी है। उन्होंने अपने इंस्टा अकाउंट पर स्टोरी डालकर वोट करने की बात कही है। इस स्टोरी में उन्होंने अपने वोटर आइडी कार्ड की फोटो डाली हैं और उन्होंने लिखा है - मैं 12 मई को गुरुग्राम में वोट डालने के लिए तैयार हूं, क्या आप भी तैयार हैं। 

 

 

विराट के इस वोटर आईडी कार्ड में उनके पिता का नाम और उनका पता देखा जा सकता है। विराट गुरुग्राम (हरियाणा) के वोटर हैं। विराट दिल्ली के रहने वाले हैं, लेकिन कुछ साल पहले वह गुरुग्राम शिफ्ट हो गए थे। हालांकि बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा से शादी करने के बाद विराट अब मुंबई शिफ्ट हो गए हैं। 

दरअसल कोहली मुंबई से वोट डालना चाहते थे। उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा मुंबई की ही वोटर हैं। इसके लिए कोहली ने ऑनलाइन एप्लाय भी किया था। हालांकि चुनाव आयोग के अनुसार वोटिंग सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 30 मार्च थी। जबकि कोहली ने 7 अप्रैल को एप्लाय किया था। लेट होने की वजह से चुनाव आयोग ने उनके आवेदन को होल्ड पर रख दिया है।

चुनाव आयोग के एक सीनियर अधिकारी ने कहा, कोहली मुंबई के वर्ली से अपना नाम सूची में दर्ज कराना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने जो आवेदन किया था, वह हमें मिल चुका है। हालांकि हमने इसे होल्ड पर रखा है, क्योंकि एप्लाय करने की तारीख पहले ही समाप्त हो चुकी थी। हम अगले चुनाव में उनके आवेदन पर विचार करेंगे। नाम दर्ज कराने के लिए उनकी टीम ने काफी प्रयास भी किया था, लेकिन देरी हो जाने के कारण हम कुछ नहीं कर सकते।

इससे पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर विभिन्न क्षेत्रों के शीर्ष लोगों से वोट करने की अपील की थी। इसी कड़ी में उन्होंने एमएस धोनी, कप्तान कोहली और उपकप्तान रोहित शर्मा को टैग कर उनको वोट डालने के लिए कहा था। पीएम मोदी ने लिखा था, प्रिय धोनी, कोहली और रोहित शर्मा आप हमेशा क्रिकेट के क्षेत्र में उत्कृष्ट रिकॉर्ड स्थापित करते रहे हैं, लेकिन इस बार आपको भारत के 130 करोड़ लोगों को प्रेरित करना है। आप आइकन हैं और 130 करोड़ जनता के वोट डालने से आगामी चुनावों में एक नया रिकॉर्ड स्थापित हो सकेगा। जब ऐसा होगा, तो लोकतंत्र विजेता होगा। 

 

 

 

 

 

Created On :   28 April 2019 9:51 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story