कर्नाटक: जयनगर विधानसभा सीट पर 55% वोटरों ने किया मतदान

voting in Jaynagar legislative assembly seat of Karnataka live update
कर्नाटक: जयनगर विधानसभा सीट पर 55% वोटरों ने किया मतदान
कर्नाटक: जयनगर विधानसभा सीट पर 55% वोटरों ने किया मतदान
हाईलाइट
  • चुनाव के दौरान बीजेपी प्रत्याशी बी. एन. विजयकुमार के निधन के चलते इस सीट पर चुनाव स्थगित कर दिए गए थे।
  • 12 मई को हुए कर्नाटक विधानसभा चुनाव में इस सीट पर मतदान नहीं हुआ था।
  • कर्नाटक की जयनगर विधानसभा सीट पर वोटिंग आज सुबह 7 बजे से शुरू हो चुकी है।
  • यह शाम 6 बजे तक जारी रहेगी।

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरू। कर्नाटक की जयनगर विधानसभा सीट पर वोटिंग संपन्न हो गई है। यहां 55% वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। बता दें कि 12 मई को हुए कर्नाटक विधानसभा चुनाव में इस सीट पर मतदान नहीं हुआ था। चुनाव के दौरान बीजेपी प्रत्याशी बी. एन. विजयकुमार के निधन के चलते इस सीट पर चुनाव स्थगित कर दिए गए थे। यहां बीजेपी की ओर से विजयकुमार के भाई बी.एन. प्रहलाद चुनाव मैदान में हैं, वहीं कांग्रेस ने रामालिंगा रेड्डी की बेटी सौम्या रेड्डी को अपना प्रत्याशी बनाया है। जेडीएस ने यहां कांग्रेस प्रत्याशी को अपना समर्थन दिया है। वर्तमान समय में कर्नाटक के राजनीतिक हालत देखते हुए इस सीट के चुनाव परिणाम बेहद मायने रखते हैं। यहां कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सत्ता पर काबिज तो है लेकिन बीजेपी भी अंदरखाने कर्नाटक में अपनी सरकार बनाने की कोशिश में है, इसलिए दोनों दलों ने यहां चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंकी है।

क्यों महत्वपूर्ण है जयनगर सीट पर चुनाव
बीजेपी यहां विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। बीजेपी नेता बीएस येदियुरप्पा ने सीएम पद की शपथ भी ले ली थी लेकिन बहुमत न जुटा पाने के कारण उनकी सरकार गिर गई थी। बीजेपी के पास सदन में 104 विधायक हैं। अगर जयनगर सीट पर भगवा पार्टी विजय होती है तो यह संख्या 105 हो जाएगी, ऐसे में बीजेपी यदि अन्य दलों के 8 विधायक और जुगाड़ लेती है तो वह एक बार फिर कर्नाटक में सरकार बना सकती है।

बीजेपी के संपर्क में हैं कई कांग्रेस और जेडीएस नेता
मंत्री पद न मिलने से नाराज कुछ कांग्रेस और जेडीएस नेता बीजेपी के संपर्क में बताए जा रहे हैं। दोनों ही दलों के कई विधायक मंत्रीपद न मिलने से नाराज चल रहे हैं। कांग्रेस में नाराजगी ज्यादा है। भाजपा नेता बी एस येदियुरप्पा ने तो शनिवार को यह दावा भी कर दिया था कि मंत्री पद न मिलने से कई कांग्रेस और जेडीएस विधायक नाराज हैं और वे बीजेपी में आना चाहते हैं। बीजेपी सदस्यों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था कि यह उनकी जिम्मेदारी है कि जदएस एवं कांग्रेस से असंतुष्ट लोगों को अपनी पार्टी में शामिल करें। हालांकि नाराज कांग्रेस विधायकों के बीजेपी खेमे में जाने की खबरों को मंत्री डीके शिवकुमार ने रविवार को खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा था कि कुछ कांग्रेस नेता मंत्री पद न मिलने से नाराज जरूर थे लेकिन अब उन्हें मना लिया गया है। वे कोई गलत कदम नहीं उठाएंगे।

आंकड़ों में जयनगर सीट चुनाव

  • जयनगर विधानसभा क्षेत्र में 7 वार्ड हैं। यहां वोटिंग के लिए 216 मत दान केन्द्र बनाए गए हैं।
  • 216 मतदान केन्द्रों में से 5 पिंक मतदान केन्द्र हैं जहां केवल महिला मतदानकर्मी होंगी।
  • यहां 1 लाख 2 हजार 668 पुरुष और 1 लाख 500 महिला वोटर हैं।
  • कांग्रेस की सौम्या रेड्डी, भाजपा के बीएन प्रहलाद समेत कुल 19 उम्मीदवार मैदान में हैं।
  • जेडीएस के उम्मीदवार गौड़ा, कांग्रेस उम्मीदवार सौम्या रेड्डी के समर्थन में चुनाव मैदान से हट गए हैं।
  • सुरक्षा के लिए स्थानीय पुलिस के अलावा सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स की 10 कंपनियों को तैनात किया गया है। 
  • मतदान के लिए 1400 चुनाव कर्मियों को ड्यूटी पर तैनात किया गया है।
  • मतगणना 13 जून को सुबह 8 बजे शुरू होगी।

Created On :   11 Jun 2018 3:10 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story