हथियार तस्कर शेखू खान गिरफ्तार, शराब तस्करी से भी जुड़े हैं तार

Weapon smuggler Shiekhu khan arrested by Anti terrorist squad
हथियार तस्कर शेखू खान गिरफ्तार, शराब तस्करी से भी जुड़े हैं तार
हथियार तस्कर शेखू खान गिरफ्तार, शराब तस्करी से भी जुड़े हैं तार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नागपुर-वर्धा रोड पर सहारा सिटी से एक शार्प-शूटर को नागपुर एटीएस ने बुधवार को तड़के धर-दबोचा। आरोपी का नाम शेखू उर्फ गुलनवाज एजाज खान (31) उत्थान नगर निवासी बताया गया है। कार्रवाई से कोयला माफिया, शराब और शस्त्र तस्करों के गिरोह में खलबली मच गई है। शेखू, बिहार और उत्तर प्रदेश से पिस्तौल और गोलियां लाकर नागपुर व चंद्रपुर में कुछ बदमाशों को बेचता था। संदेह जताया जा रहा है कि नक्सलियों से भी उसके तार जुड़े हो सकते हैं। वह पुलिस के राडार पर नहीं आ रहा था। 

तस्करी करने में माहिर
शेखू के सहारा सिटी में एक फ्लैट में छिपे होने की सूचना एटीएस को मिली थी। उसके बाद तड़के घेराबंदी कर उसे िगरफ्तार किया गया। वह फ्लैट में अकेले रहता था। उसके कमरे की तलाशी ली गई, लेकिन कोई हथियार नहीं मिला। शेखू ने कुछ साथियों की मदद से वर्ष 2013 में भाजपा के शहर उपाध्यक्ष हेमंत दियेवार की शंकर नगर चौक में गोली मार कर हत्या कर दी थी, तबसे वह चर्चा में आया था। उसके बाद शेखू चंद्रपुर के घुग्घुस में शेख हाजीबाबा के गिरोह में शामिल हो गया था। वह कोयला खदानों से कोयले की तस्करी करने में माहिर है। इस अवैध धंधे से उसने मोटी कमाई की। उसके बाद वह मध्य प्रदेश से नकली शराब लाकर नागपुर और चंद्रपुर में बेचने लगा था। वह चंद्रपुर का सबसे बड़ा शराब माफिया बन गया था। 

बियर बार में सप्लाई करता था नकली शराब
नागपुर में करीब 80 प्रतिशत बार में नकली शराब पहुंचाने का काम शेखू करता था। वह कामठी रोड पर कई बियर बारों में नकली शराब की खेप लाकर देता था। इसके लिए उसने मध्य प्रदेश से लेकर नागपुर और चंद्रपुर तक कई युवकों को अवैध शराब के कारोबार में जोड़ लिया था। उमरेड रोड पर एक ढाबा मालिक के साथ उसकी साझेदारी है। इस ढाबे में अवैध शराब को जमा कर रखा जाता था। ढाबे से ग्रामीण क्षेत्रों में करीब  90 प्रतिशत अवैध शराब भेजी जाती है। इस ढाबे का मालिक आडवानी को कुछ दिन पहले चंद्रपुर पुलिस ने िगरफ्तार किया था।  

गुंडों के लिए आलीशान होटल में पार्टी
 सूत्रों के अनुसार शेखू ने शराब और कोयले की तस्करी में जमकर पैसे कमाया। उसके बाद वह उत्तर प्रदेश और बिहार से हथियारों की तस्करी करने लग गया था। इसमें वह बिहार के दो गुंडों की मदद लेता था। इसके चलते वह एटीएस के निशाने पर आ गया। उसने कुछ माह पहले अमरावती रोड पर एक बड़े होटल में पार्टी आयोजित की थी। यह पार्टी नागपुर और चंद्रपुर के गुंडों के लिए की गई थी। पार्टी में मुंबई-दिल्ली की डांसर युवतियों को बुलाया गया था। लाहोरी बार में हुई फायरिंग में शेखू का नाम भी चर्चा में आया था। 
 

Created On :   28 Feb 2019 8:38 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story