महाराष्ट्र : अतिक्रमण से बेघर हुई महिला की ठंड से मौत

Woman become homeless due to encroachment and died in the cold
महाराष्ट्र : अतिक्रमण से बेघर हुई महिला की ठंड से मौत
महाराष्ट्र : अतिक्रमण से बेघर हुई महिला की ठंड से मौत

डिजिटल डेस्क, यवतमाल। अतिक्रमण कार्रवाई के चलते घर से बेघर हुई एक झुग्गी झोपड़ी निवासी वृद्धा की ठंड लगने से मृत्यु होने का मामला सामने आया है। मृत महिला का नाम वेणुबाई भानुदास माहुरकर (68) बताया गया है। जानकारी के अनुसार वेणुबाई की 7 जनवरी की रात ठंड लगने से तबीयत बिगड़ गई। उसे 8 जनवरी  की सुबह जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां शाम के वक्त उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। जिसकी जानकारी अस्पताल के चिकित्सक डा. वरुण सानप ने वार्ड ब्वाय अशोक गाडेकर (54) के माध्यम से शहर थाने को दी। 

वेणुबाई की मृत्यु की जानकारी देनेवाले अस्पताल के पत्र में उपचार के दौरान मृत्यु होने की बात कही गई है। जबकि, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसकी मृत्यु ठंड लगने से हुई है, क्योंकि उसे कंपकपी होने पर अस्पताल में लाया गया था। पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है। फिलहाल, मामले की जांच शहर थाने की पीएसआई शुभांगी गुल्हाने कर रही हैं।

10-12 दिन पहले हुए बेघर, खुले आसमान में रह रहे
उल्लेखनीय है कि, शहर के संजय गांधी झुग्गी झोपड़ी का अतिक्रमण 8-10  दिन पहले हटाया गया है। अतिक्रमण हटाने से परिसर के लोग सडक़ पर आ गए हैं।  इस बीच पूरे विदर्भ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिससे बेघर हुए लोगों को ठंडी में सड़क पर रहना पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई से यहां से हटाए गए लोगों में भारी नाराजगी व्याप्त है। ठंड से ही वेणुबाई की मृत्यु होने की जानकारी उसके परिजनों ने दी। इसके लिए नगर परिषद प्रशासन, लोकनिर्माण विभाग व पुलिस पर जिम्मेदार होने का आरोप  लगाते हुए कार्रवाई करने की मांग की है। 

इन्फेक्शन से हुई वृद्धा की मृत्यु
संजय गांधी नगर झुग्गी बस्ती अतिक्रमण के चलते लोग यहां वहां हुए हैं। यहां की निवासी वेणुबाई माहुरकर की मृत्यु बीते कई दिनों से हुए इंफेक्शन से हुई है। 
- डा. मनीष श्रीगिरिवार, अधिष्ठाता, यवतमाल जिला अस्पताल    

Created On :   11 Jan 2019 7:51 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story