मुंबई के बाद अब नागपुर की फायर ब्रिगेड में शामिल होंगी महिलाएं, 30 फीसदी कोटा आरक्षित

Women will join the fire brigade of Nagpur after Mumbai
मुंबई के बाद अब नागपुर की फायर ब्रिगेड में शामिल होंगी महिलाएं, 30 फीसदी कोटा आरक्षित
मुंबई के बाद अब नागपुर की फायर ब्रिगेड में शामिल होंगी महिलाएं, 30 फीसदी कोटा आरक्षित

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नागपुर मनपा अगले साल फायर ब्रिगेड में 250 पदों की भर्ती करने जा रही है। जिसमें 30 फीसदी कोटा महिलाओं के लिए आरक्षित होगा। फायर ब्रिगेड में महिलाओं को भर्ती करनेवाली मनपा देश की दूसरी मनपा होगी। इसके पूर्व मुंबई मनपा ने महिलाओं को फायर ब्रिगेड में शामिल किया है। जिले में चंद महिलाओं ने ही फायरब्रिगेड का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इसे देखते हुए मनपा प्रशासन पहले महिलाओं की नियुक्ति करेगा। इसके बाद फायर कॉलेज में इन्हें विशेष प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। यह पूरा काम मुंबई मनपा की तर्ज पर होगा। मुंबई मनपा ने दो दिन पूर्व ही 69 महिलाओं को फायरवुमन के पद पर ज्वाइन कराया है।

ड्राइवर के लिए भी कर सकेंगी आवेदन 
फायरब्रिगेड में ड्राइवर के पद के लिए भी महिलाएं आवेदन कर सकेंगी। बशर्ते उनके पास भारी वाहन चलाने का लाइसेंस हो। फायरब्रिगेड में अब तक ड्राइवर केवल पुरुष ही बनते थे। अगले साल ड्राइवर के करीब 50 पद भरे जा सकते हैं। अगले साल तीन फायर स्टेशन शुरू हो सकते हैं। वाठोडा और त्रिमूर्तिनगर फायर स्टेशन के साथ ही बंद पड़ा पांचपावली फायर स्टेशन भी फिर से शुरू होगा। फिलहाल शहर में 8 फायर स्टेशन हैं।

सीएम से किया था अनुरोध
नागपुर मनपा में फायरमैन, ड्राइवर, स्टेशन आफिसर सहित सैकड़ों पद खाली है। नागपुर हाईकोर्ट पद भर्ती प्रक्रिया जल्द से जल्द करने को लेकर मनपा प्रशासन को फटकार लगा चुका है। फायरमैन की भर्ती के दौरान राज्य सरकार के फायर कालेज का ‘पासआउट’ उम्मीदवार ही पात्र रहने का फैसला कुछ महीने पूर्व राज्य सरकार ने लिया था। इसका शहर में चौतरफा विरोध भी हुआ था। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से निजी संस्थाओं के फायर कालेज से ‘पासआउट’ उम्मीदवारों को भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने का अनुरोध किया था। महापौर नंदा जिचकार ने 30 फीसदी कोटे के संबंध में भी मुख्यमंत्री को निवेदन दिया था। 

अब 200 फीट तक बौछार
दमकल विभाग में शामिल टर्न टेबल लैडर (TTL) का शनिवार को मनपा मुख्यालय परिसर में डेमो हुआ। ऊंची इमारत में आग लगने पर उसे किस तरह नियंत्रित किया जा सकता है, इसका डेमो हुआ। टीटीएल की ऊंचाई 140 फीट तक बढ़ाई जा सकती है और इससे 60 फीट तक पानी की बौछार मारी जा सकती है। यानी जमीन से 200 फीट पर भी आग लगी तो यह टीटीएल वहां काम कर सकता है।

Created On :   19 Nov 2017 12:26 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story